लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
झालावाड़। झालावाड़ शहर के भोई मोहल्ला क्षेत्र में ममता को शर्मसार करने वाला एक हृदयविदारक मामला सामने आया है। अज्ञात व्यक्ति द्वारा एक नवजात शिशु को कंटीली झाड़ियों में फेंक दिया गया, जहां वह खुले आसमान के नीचे पूरी रात ठंड में रोता-बिलखता रहा।
सुबह के समय सैर पर निकले कुछ युवकों को झाड़ियों से बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। टॉर्च की रोशनी में पास जाकर देखा तो झाड़ियों के बीच नंगे बदन नवजात जमीन पर पड़ा मिला। कड़ाके की ठंड में तड़पते नवजात को देखकर युवकों का दिल पसीज गया। उन्होंने तत्काल बच्चे को कपड़े में लपेटा और जिला अस्पताल पहुंचाया। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
अस्पताल चौकी इंचार्ज भीमसिंह ने बताया कि नवजात को चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है। फिलहाल उसकी हालत स्थिर है। अभी तक नवजात के किसी भी अभिभावक ने संपर्क नहीं किया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और नवजात के अभिभावकों की तलाश की जा रही है।
बाल कल्याणकारी समिति के सदस्य गजेंद्र सेन ने बताया कि भोई मोहल्ला क्षेत्र में झाड़ियों में नवजात मिलने की सूचना प्राप्त हुई है। नवजात को 24 घंटे तक चिकित्सकों के ऑब्जर्वेशन में रखा जाएगा। यदि इस दौरान कोई अभिभावक सामने नहीं आता है, तो बाल कल्याणकारी समिति नवजात को अपने अधिकार क्षेत्र में लेगी।
यह घटना समाज के लिए गंभीर सोच का विषय है और मानवता को झकझोरने वाली है।











































