लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
मकराना (प्रदीप कुमार डागा)। शंकरा आई हॉस्पिटल, जयपुर और महावीर इंटरनेशनल संस्था के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को मकराना के बोरावड़ रोड स्थित बालाजी कॉलोनी में निशुल्क मोतियाबिंद जांच एवं नेत्र लेंस प्रत्यारोपण शिविर का सफल आयोजन किया गया।
यह शिविर स्वर्गीय कानी देवी (धर्मपत्नी स्वर्गीय बंकटलाल जांगिड़) की पुण्य स्मृति में जांगिड़ परिवार के सौजन्य से आयोजित किया गया।
130 मरीजों की हुई जांच
महावीर इंटरनेशनल के अध्यक्ष सूरज प्रकाश जैन ने बताया कि शिविर में कुल 130 मरीजों की नेत्र जांच की गई। जांच के दौरान मोतियाबिंद से पीड़ित 57 मरीजों को ऑपरेशन के लिए जयपुर स्थित शंकरा आई हॉस्पिटल भेजा गया।
स्वास्थ्य जांच और फॉलो-अप भी हुआ
शिविर में नेत्र जांच के साथ-साथ सभी 130 लोगों की शुगर और ब्लड प्रेशर की भी निशुल्क जांच की गई। वहीं, पिछले शिविर में ऑपरेशन करा चुके मरीजों का फॉलो-अप करते हुए 48 लोगों को निशुल्क चश्मे वितरित किए गए।
सामाजिक संस्थाओं की रही सक्रिय भूमिका
इस जनसेवा कार्यक्रम में महावीर इंटरनेशनल के सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी निभाई, जिनमें वीर भरत कोचर, वीर प्रदीप कुमार भंसाली, वीर पुखराज लोढ़ा, वीर श्याम सुंदर प्रजापत, वीर मनोज संचेती, वीर संजय धारीवाल और वीर सागर मिश्रा शामिल रहे।
इसके साथ ही लायंस क्लब मकराना मार्बल सिटी के सदस्यों ने भी सहयोग दिया। क्लब सचिव लायन प्रकाश चौहान, लायन सिद्धार्थ जैन और लायन जितेंद्र कुम्भट सहित अन्य सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने में योगदान दिया।
यह शिविर ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के जरूरतमंद मरीजों के लिए राहतकारी साबित हुआ, जिससे कई लोगों को समय पर उपचार और आगे के ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध कराई गई।
