लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भामाशाहों ने गोवंश संरक्षण हेतु किया लाखों रुपये का दान, दानदाताओं का किया गया सम्मान
कोटपुतली। मकर संक्रांति के पावन अवसर पर कोटपुतली स्थित जय सिंह गौशाला में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु महिला-पुरुषों ने भाग लेकर गौसेवा के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।
गौशाला अध्यक्ष राजेश सवाईका ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अवसर पर भामाशाहों द्वारा गोवंश संरक्षण एवं गौशाला परिसर में हॉल निर्माण हेतु कई दानदाताओं ने सामूहिक रूप से लाखों रुपये का दान प्रदान किया। जय सिंह गौशाला समिति की ओर से सभी दानदाताओं का सम्मान कर आभार व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम में गौशाला की समस्त कार्यकारिणी, महिला मंडल की सदस्याओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान भजन, कीर्तन एवं पारंपरिक प्रस्तुतियों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया।
इस अवसर पर आनंद पंडित, मनोज, जिला कांग्रेस प्रतिनिधि, मंजू गुर्जर, रोहतास सैनी सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं की सहभागिता रही।
गौशाला प्रबंधन ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी गोवंश संरक्षण के लिए ऐसे आयोजनों की निरंतरता बनाए रखने का संकल्प लिया।















































