लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
हलेड में रस्साकशी का रोमांच
भीलवाड़ा। (पंकज पोरवाल) गांव की चौपाल पर जब जोर-आजमाइश शुरू हुई तो उत्साह का सैलाब उमड़ पड़ा। अवसर था भगवान श्री बलराम पुरुष रस्साकशी प्रतियोगिता के तहत हलेड में आयोजित क्वालीफाइंग मुकाबले का। इस प्रतियोगिता में पुरुषों के साथ-साथ महिलाओं ने भी रस्सा थामकर मैदान में उतरते हुए अपना जबरदस्त जज्बा और ताकत का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। कुल 7 टीमों ने खिताब के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगाया। हर मुकाबले में रस्से के दोनों ओर खड़े खिलाड़ी पूरी ताकत झोंकते नजर आए, वहीं दर्शकों की तालियों और हुंकारों ने माहौल को रोमांच से भर दिया। महिलाओं की सक्रिय भागीदारी ने आयोजन को और भी भव्य बना दिया।
सांवरिया क्लब ने जीता खिताब
कांटे की टक्कर के बीच फाइनल मुकाबला सांवरिया क्लब और महाराजा सूरजमल टीम के बीच खेला गया। दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला, लेकिन बेहतर तालमेल और रणनीति के दम पर सांवरिया क्लब ने खिताबी जीत हासिल की। अब यह टीम सुवाणा पंचायत समिति स्तर पर आयोजित होने वाली महा-प्रतियोगिता में हलेड गांव का प्रतिनिधित्व करेगी।
खेल से बढ़ता है भाईचारा: रामपाल चौधरी
आयोजक रामपाल चौधरी (पांसल) ने कहा कि हर युवा को कोई न कोई खेल अवश्य खेलना चाहिए, जिससे शारीरिक और मानसिक रूप से फिट रहा जा सके। उन्होंने कहा कि रस्साकशी जैसा पारंपरिक खेल केवल ताकत नहीं, बल्कि टीम भावना, एकाग्रता और अनुशासन का प्रतीक है। खेलों से आपसी सौहार्द और भाईचारे की भावना मजबूत होती है।
विजेताओं को मिलेंगे आकर्षक पुरस्कार
चौधरी ने बताया कि सुवाणा पंचायत समिति की पंचायतों के बीच होने वाले इस महा-मुकाबले में विजेता टीम को 1 लाख रुपये, उपविजेता को 51 हजार रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 21 हजार रुपये नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। वहीं पंचायत स्तर पर क्वालीफाई करने वाली टीमों को आयोजकों की ओर से रंगीन ड्रेस किट भी दी जाएगी।
