लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
राजस्थान पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा का भरतपुर दौरा, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
भरतपुर।
राजस्थान पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा एक दिवसीय दौरे पर भरतपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय में रेंज के पुलिस अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की और कई मुद्दों पर दिशा-निर्देश दिए।
महिलाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
DGP शर्मा ने कहा कि महिलाओं और बच्चियों को सुरक्षित महसूस कराना पुलिस की पहली जिम्मेदारी है। “शहर में ऐसा कोई स्थान नहीं होना चाहिए, जहां महिलाएं असुरक्षित महसूस करें,” उन्होंने कहा। पुलिस को गश्त और विजिबिलिटी बढ़ाने के निर्देश दिए गए ताकि महिलाएं निडर होकर घर से बाहर निकल सकें।
अपराधियों पर सख्त निगरानी
शर्मा ने अधिकारियों को चिन्हित अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आपराधिक रिकॉर्ड वाले व्यक्तियों पर लगातार सख्त नजर बनी रहनी चाहिए।
अवैध खनन पर सख्ती
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देश हैं कि अवैध खनन को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। पुलिस को इस दिशा में तत्काल कार्रवाई करने के आदेश दिए गए।
हिरासत में मौत पर जिम्मेदारी
DGP शर्मा ने कहा कि पुलिस हिरासत में किसी भी आरोपी की मौत को लेकर लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। थाने में लाए गए हर व्यक्ति की सुरक्षा और देखभाल संतरी की जिम्मेदारी है।
प्रमोशन प्रक्रिया में तेजी
शर्मा ने कहा कि पदोन्नति उनकी सबसे अहम प्राथमिकता है। हाल ही में जयपुर में लंबित पदोन्नति परीक्षाएं सम्पन्न कराई गई हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में यह प्रक्रिया नियमित रूप से जारी रहेगी।
ड्रग्स और साइबर क्राइम बड़ी चुनौती
उन्होंने माना कि ड्रग्स और साइबर क्राइम पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौतियां हैं।
-
ड्रग्स की सप्लाई रोकने के लिए स्कूलों में जागरूकता अभियान चलाने और सप्लाई चेन तोड़ने पर जोर दिया गया।
-
साइबर क्राइम के मामलों में डीग पुलिस द्वारा बड़ी कार्रवाई की गई है, जिससे साइबर ठगी के मामलों में कमी आई है।
सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता
DGP शर्मा ने कहा कि सड़क हादसों में होने वाली मौतें अत्यंत दुखद हैं। ब्लैक स्पॉट्स की पहचान कर PWD और NHAI के सहयोग से सुधारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं। साथ ही भरतपुर सहित अन्य जिलों में एंटीसेप्टर वाहन उपलब्ध कराने और शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
पुलिस संसाधन और इंफ्रास्ट्रक्चर
उन्होंने कहा कि पुलिस हाउसिंग और बिल्डिंग रिपेयर के लिए प्रतिवर्ष बजट मिलता है और इसे लगातार बढ़ाया जा रहा है, ताकि पुलिस संसाधनों की स्थिति बेहतर बनी रहे।










































