लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जोधपुर (बृजकिशोर पारीक)। हेमलता चौधरी, जो अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव भी हैं, ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी को भारतीय जनता पार्टी सरकार की जनविरोधी नीतियों का परिणाम बताया है।
हेमलता चौधरी ने कहा कि भाजपा सरकार एक ओर महिला सशक्तिकरण और सम्मान की बड़ी-बड़ी बातें करती है, वहीं दूसरी ओर महिला दिवस के मौके पर ही रसोई गैस की कीमतें बढ़ाकर देश की करोड़ों महिलाओं और परिवारों को महंगाई का तोहफा दे दिया है।
उन्होंने बताया कि 14.2 किलोग्राम के घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत पहले 853 रुपये थी, जिसे बढ़ाकर अब 913 रुपये कर दिया गया है। पहले से ही महंगाई से परेशान गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए यह बढ़ोतरी सीधे तौर पर घरेलू बजट पर प्रहार है।
हेमलता चौधरी ने कहा कि रसोई गैस हर घर की बुनियादी आवश्यकता है और इसकी कीमतों में बढ़ोतरी से सबसे ज्यादा परेशानी महिलाओं को उठानी पड़ती है। उनके अनुसार भाजपा सरकार की नीतियां आम जनता, खासकर महिलाओं के हितों के खिलाफ दिखाई दे रही हैं।
उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि घरेलू गैस सिलेंडर की बढ़ाई गई कीमतों को तुरंत वापस लिया जाए और महंगाई से जूझ रही आम जनता को राहत दी जाए।
