लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
गुड टच-बेड टच, साइबर सुरक्षा और आत्मरक्षा के तरीकों पर महिलाओं को दी गई जानकारी
राजसमंद (गौतम शर्मा)।
राजसमंद जिले के मोही कस्बे में पंचायत मुख्यालय पर पुलिस विभाग द्वारा महिला और बच्चियों के लिए आत्मरक्षा कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कांकरोली थाना अधिकारी हंसा राम चौधरी, महिला थानाधिकारी सरोज बैरवा, यूनिसेफ की बाल संरक्षण सलाहकार सिन्धु बिनुजीत और उपसरपंच दिग्विजय सिंह भाटी सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में दी गई जानकारी
कार्यशाला के दौरान महिलाओं और बच्चियों को अपनी सुरक्षा और आत्मरक्षा के तरीकों के बारे में जानकारी दी गई। महिलाओं को पारिवारिक और व्यक्तिगत रूप से मजबूत रहने और समाज में अपने योगदान के महत्व के बारे में समझाया गया। इसके अलावा महिलाओं और बच्चियों को गुड टच-बेड टच और साइबर ठगी के खतरे के बारे में विशेष जानकारी दी गई।
महिला थानाधिकारी सरोज बैरवा ने बताया कि महिलाओं को सशक्त बनाना और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करना इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य था। उन्होंने कहा कि महिलाएं कमजोर नहीं हैं और अपने ज्ञान और सतर्कता से किसी भी चुनौती का सामना कर सकती हैं।
साइबर सुरक्षा पर विशेष चर्चा
कार्यक्रम में कालिक पेट्रोलिंग टीम द्वारा मोबाइल और इंटरनेट से जुड़े साइबर खतरों पर भी जानकारी दी गई। यूनिसेफ की बाल संरक्षण सलाहकार सिन्धु बिनुजीत ने महिलाओं को बताया कि मोबाइल का उपयोग सीमित दायरे में करना चाहिए, क्योंकि इसका गलत इस्तेमाल साइबर ठगी और अन्य खतरों का कारण बन सकता है।
कार्यशाला में ग्राम विकास अधिकारी निधि आचार्य, हेड कांस्टेबल वीरेंद्र सिंह, फील्ड कांस्टेबल राजेंद्र सिंह, सुरेंद्र सिंह, और अन्य कई पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं और बच्चियों को आत्मरक्षा और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया।


















































