महारानी अब्बक्का की 500वीं जयंती वर्ष पर मातृशक्ति गोष्ठी आयोजित

0
26
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

महिला समन्वय के तत्वावधान में नागौर में हुआ कार्यक्रम

नागौर | (प्रदीप कुमार डागा) महारानी अब्बक्का की 500वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में महिला समन्वय की ओर से मातृशक्ति गोष्ठी का आयोजन शहर के शारदा बालिका निकेतन विद्यालय के सभागार में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. भावना शर्मा उपस्थित रहीं, जबकि अध्यक्षता सेविका समिति की कार्यकर्ता हर्षा शर्मा ने की। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता एडवोकेट नीलम भारद्वाज रहीं।

अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में हर्षा शर्मा ने कहा कि इतिहास में वीर पुरुषों और वीरांगनाओं का नाम सदैव अमर रहता है। हालांकि अनेक ऐसी वीर वीरांगनाएं भी रही हैं जिनका नाम इतिहास के पन्नों में सामने नहीं आ पाया। उन्होंने कहा कि देश के लिए श्रेष्ठ जीवन जीने वाले लोगों को हमेशा याद रखा जाता है।

मुख्य अतिथि डॉ. भावना शर्मा ने कहा कि हम अपने परिवार की दो पीढ़ियों के बाद ही कई बार अपने पूर्वजों को भूल जाते हैं, लेकिन देश में ऐसी वीरांगनाएं भी हुई हैं जिन्हें आज 500 वर्षों बाद भी याद किया जाता है। उन्होंने कहा कि महारानी अब्बक्का ने पुर्तगालियों का डटकर सामना किया और एक महिला होकर भी अद्भुत साहस का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि लक्ष्मीबाई और जीजाबाई जैसी वीरांगनाएं भारतीय महिलाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं और महिला सशक्तिकरण के लिए उनके विचारों को अपनाना आवश्यक है।

कार्यक्रम की मुख्य वक्ता एडवोकेट नीलम भारद्वाज ने मातृशक्ति को संबोधित करते हुए कहा कि आज के समय में मोबाइल और इंटरनेट का अत्यधिक उपयोग बच्चों के लिए चिंता का विषय बन गया है। इससे नई पीढ़ी पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है और कई बच्चे अवसाद की ओर बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों को सकारात्मक ऊर्जा देने के लिए उन्हें वीर वीरांगनाओं के इतिहास और प्रेरणादायक प्रसंगों से जोड़ना जरूरी है।

उन्होंने इतिहास के संदर्भ में कहा कि वास्को-डि-गामा भारत में व्यापार के उद्देश्य से आया था और उसके साथ पुर्तगाली साम्राज्य की महत्वाकांक्षा भी जुड़ी हुई थी। ऐसे समय में महारानी अब्बक्का जैसी वीरांगनाओं ने विदेशी शक्तियों का डटकर सामना कर देश की रक्षा की।

कार्यक्रम का संचालन मीनाक्षी शर्मा ने किया। महिला समन्वय की कमला चारण ने अतिथियों का परिचय एवं स्वागत किया, जबकि सोहन कौर ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर निहारिका शर्मा ने देशभक्ति कविता प्रस्तुत की, प्रियंका जांगू ने एकल गीत प्रस्तुत किया तथा समूह गान की भी प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के साथ हुआ तथा समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया।

इस अवसर पर बसंती राठी, अनुपमा उपाध्याय, पुपलता व्यास, सरोज प्रजापत, मंजू सारस्वत, पुष्पा बागड़िया, शताब्दी विस्तारक रुद्र कुमार शर्मा, जयप्रकाश तक, मोना व्यास, अरुणा दहिया, सीमा मिश्रा, प्रवीणा कंबर, अंजू मारू, उषा शर्मा, नीलम चौधरी, विनीता पूनिया, प्रीति सोनी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here