लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
लोक टुडे न्यूज नेटवर्क | जयपुर। (रूपनारायण सांवरिया)
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने गुरुवार को प्रदेश मुख्यालय जयपुर से अंता विधानसभा उपचुनाव के लिए प्रचार रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इन प्रचार रथों के माध्यम से एलसीडी स्क्रीन पर वीडियो चलाकर केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारों की जनकल्याणकारी योजनाओं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों तथा पार्टी की नीतियों का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने इस अवसर पर कहा कि भाजपा सरकार ने हमेशा जनता के हितों को सर्वोपरि रखा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने अभूतपूर्व विकास की नई ऊंचाइयां छुई हैं, और राजस्थान में भी भाजपा जनविश्वास पर खरा उतरने के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि ये प्रचार रथ गांव-गांव जाकर जनता को केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी देंगे और अंता विधानसभा क्षेत्र में भाजपा की नीतियों व संकल्पों को पहुंचाएंगे। राठौड़ ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पूर्ण उत्साह और अनुशासन के साथ पार्टी का संदेश हर घर तक पहुंचाएं।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अंता उपचुनाव में जनता विकास और सुशासन के पक्ष में भाजपा को भारी बहुमत से विजय दिलाएगी।
इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष नारायण पंचारिया, मुकेश दाधीच, नाहर सिंह जोधा, कोषाध्यक्ष पंकज गुप्ता, कार्यालय प्रभारी मुकेश पारीक, सह प्रभारी भवानी शंकर शर्मा, रजनीश चनाना, प्रदेश मीडिया संयोजक प्रमोद वशिष्ठ, सोशल मीडिया संयोजक हीरेंद्र कौशिक, आईटी संयोजक अविनाश जोशी सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
















































