लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
राजसमंद। (गौतम शर्मा) राजसमंद जिले के कुंवारिया तहसील क्षेत्र के मादड़ी पुल पर सोमवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कपास से भरी एक पिकअप से कार की जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें कार में सवार दो महिलाएं घायल हो गईं। घायलों को तत्काल 108 एम्बुलेंस की मदद से आर.के. चिकित्सालय, राजसमंद पहुंचाया गया।
भीलवाड़ा निवासी कृष्ण गोपाल लढा ने बताया कि वे सोमवार देर शाम अपने परिजनों के साथ नाथद्वारा में श्रीनाथजी के दर्शन कर वापस भीलवाड़ा लौट रहे थे। इसी दौरान मादड़ी पुल पर खड़ी एक कपास से लदी पिकअप से उनकी कार जा टकराई। हादसे में कार का आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि कार में सवार दो महिलाएं घायल हुईं।
हादसे के बाद पिकअप चालक अपनी गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया। इसी बीच, घटना को देखने के लिए मौके पर पहुंचे एक युवक को एक बोलेरो कार ने टक्कर मार दी, जिससे वह भी घायल हो गया। घायल युवक की पहचान खाखलिया खेड़ा गांव निवासी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह कांकरोली में मेवाड़ गिराज पर मजदूरी कर अपने गांव लौट रहा था, तभी बोलेरो की चपेट में आ गया और डिवाइडर से टकरा गया। उसे भी 108 एम्बुलेंस की सहायता से आर.के. अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
















































