लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
लोसल (सीकर) | रिपोर्टर ओम प्रकाश सैनी |
लोसल कस्बे में शनिवार को पागल कुत्ते के हमले से हड़कंप मच गया। महज दो घंटे के भीतर कुत्ते ने कस्बे के विभिन्न इलाकों में 22 लोगों को काटकर घायल कर दिया। इनमें से तीन गंभीर घायलों को सीकर रैफर किया गया है।
कुत्ते ने बाइक सवारों और राहगीरों पर अचानक हमला कर दिया। एक के बाद एक घायल व्यक्ति के लोसल उप जिला अस्पताल पहुंचने से अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
डॉ. सांवरमल ढाका ने बताया कि “आज कुत्ते के काटने के कुल 22 मामले आए हैं। सभी का प्राथमिक उपचार किया गया है, जिनमें तीन लोगों की हालत गंभीर होने पर उन्हें सीकर भेजा गया है।”
घटना की सूचना मिलते ही नगर पालिका की टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने राजकीय विद्यालय नंबर 2 के पास उस पागल कुत्ते को घेरकर पकड़ लिया।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि कस्बे में घूम रहे आवारा कुत्तों की संख्या पर नियंत्रण के लिए जल्द कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।














































