लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
(रिपोर्ट: ओम प्रकाश सैनी, लोसल, सीकर)
लोसल (सीकर)। माध्यमिक शिक्षा बोर्ड राजस्थान के दसवीं कक्षा के घोषित परीक्षा परिणाम में लोसल के शेखावाटी शिक्षण समूह की छात्रा प्रियांशी ने 600 में से 599 अंक (99.83%) प्राप्त कर पूरे राजस्थान में प्रथम स्थान हासिल किया है।
प्रियांशी की इस शानदार उपलब्धि से न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। वह नजदीकी गांव सांगलिया की निवासी हैं और उनके पिता सीताराम सुंडा किसान हैं।
विद्यालय की अन्य छात्राओं ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। छात्रा रिया ने 99.33 प्रतिशत अंक, जबकि दिव्यांशी चौधरी और भावना ने 99 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया।
परिणाम घोषित होते ही विद्यालय में जश्न का माहौल बन गया। आतिशबाजी कर खुशी मनाई गई तथा टॉपर छात्राओं का साफा और माला पहनाकर सम्मान किया गया।
शेखावाटी एजुकेशन ग्रुप के चेयरमैन बी.एल. रणवां ने बताया कि इस वर्ष विद्यालय का परीक्षा परिणाम बेहद शानदार रहा है। चार छात्राओं ने 99 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए, 56 विद्यार्थियों ने 95 प्रतिशत से ज्यादा और 122 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से ऊपर अंक हासिल किए हैं।
इस उत्कृष्ट परिणाम पर विद्यालय में बधाई देने वालों का तांता लगा रहा और सभी ने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।