लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली/जयपुर: लोकसभा में सोमवार को राजस्थान में बढ़ते नशे का मुद्दा गूंजा। जयपुर सांसद मंजू शर्मा ने शून्यकाल में नशीले पदार्थों की बढ़ती समस्या पर गंभीर चिंता जताई।
सांसद मंजू शर्मा ने कहा कि प्रदेश के शहरी और ग्रामीण इलाकों में ड्रग्स की उपलब्धता तेजी से बढ़ रही है, जिसका असर युवाओं और स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य, पढ़ाई और सामाजिक व्यवहार पर पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि नशे की लत कई बार युवाओं को अपराध की ओर भी ले जा रही है, जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
मंजू शर्मा ने केंद्र और राज्य सरकार से नशा तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और ड्रग्स सप्लाई चैन को तोड़ने के लिए स्पेशल टास्क फोर्स के गठन की मांग की। उन्होंने स्कूल-कॉलेज स्तर पर जागरूकता अभियान तेज करने और नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्रों को मजबूत करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
सांसद ने कहा कि नशे के खिलाफ यह लड़ाई केवल कानून की नहीं बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी की भी है और इसके लिए सरकार, प्रशासन और समाज को मिलकर काम करना होगा।
