Home latest लिवर ऑटो-ट्रांसप्लांटेशन से मिला नया जीवन

लिवर ऑटो-ट्रांसप्लांटेशन से मिला नया जीवन

0

 

लोक टुडे न्यूज नेटवर्क

राजस्थान में पहली बार हुई दुर्लभ सर्जरी

ऐतिहासिक सफलता से
महात्मा गांधी अस्पताल, जयपुर के डॉक्टर्स ने रचा इतिहास

जयपुर। चिकित्सा विज्ञान की दुनिया में एक अद्भुत उपलब्धि हासिल करते हुए, महात्मा गांधी अस्पताल, जयपुर में सेंटर फॉर डाइजेस्टिव साइंसेज के डॉक्टर्स ने राजस्थान की पहली लिवर ऑटो-ट्रांसप्लांटेशन सर्जरी कर एक दुर्लभ और जटिल ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।

एचपीबी सर्जरी व लिवर ट्रांसप्लांटेशन विभागाध्यक्ष
डॉ नैमिष एन मेहता ने बताया कि यह सर्जरी 42 वर्षीय पुरुष मरीज की थी जो तेज पेट दर्द और दोनों पैरों में सूजन की समस्या लेकर अस्पताल आया था। जांच में पता चला कि लिवर के पीछे एक बड़े ट्यूमर ने निचले शरीर की मुख्य नस (इंफीरियर वेना कावा – IVC) को पूरी तरह से घेर लिया था। यह नस शरीर के निचले हिस्से से रक्त को हृदय तक ले जाती है। ट्यूमर के कारण रक्त प्रवाह नहीं हो पा रहा था, जिससे दोनों पैरों में सूजन आ गई थी और दर्द भी था। इतना ही नहीं, ट्यूमर लिवर की मुख्य रक्त संचार करने वाली नसों को भी दबा रहा था। इस वजह से लिवर फंक्शन भी बाधित हो रहा था।
डॉ मेहता ने बताया कि यह स्थिति जानलेवा हो सकती थी। जान बचाने के लिए ट्यूमर को हटाना ही एकमात्र उपाय था, लेकिन इसके लिए ऑपरेशन के दौरान मुख्य रक्त वाहिनी को बंद करना जरूरी था और रक्त संचार बंद करने पर लिवर के खराब होने की संभावना भी थी। ऑपरेशन में वरिष्ठ हार्ट सर्जन डॉ. मुर्तजा अहमद चिश्ती की मदद से सीने तथा पैरीकार्डियम को खोला गया। डॉ मेहता ने बताया कि इस बेहद जटिल प्रक्रिया के दौरान
सबसे बड़ी समस्या लिवर को आईवीसी कावा धमनी से अलग करना था। ऑपरेशन के दौरान सर्जरी टीम थोड़ी देर खून को रोककर सर्जरी करते और फिर से रक्त संचार करने सुचारू करते। इसके बाद सर्जरी से लिवर को मुख्य रक्त वाहिनी से अलग किया गया। ट्यूमर को निकाल कर कृत्रिम नस ‘वेना ग्राफ्ट’ द्वारा मुख्य नस को फिर से बनाया गया और पुनः लिवर को प्रत्यारोपित कर दिया गया।

लिवर ऑटो-ट्रांसप्लांटेशन
यह प्रक्रिया लिवर ऑटो-ट्रांसप्लांटेशन कहलाती है, जिसे विश्व के गिने-चुने अत्याधुनिक चिकित्सा केंद्रों में ही किया जाता है। लगभग 12 घंटे तक चली मैराथन सर्जरी डॉ. नैमिष मेहता के नेतृत्व में की गई, जिसमें डॉ. विनय कुमार महला, डॉ. देवेंद्र चौधरी, डॉ. ॠषिकेश, डॉ. गौतम, एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. गौरव गोयल, डॉ. कौशल बघेल शामिल हुए।
आईसीयू में करीबी निगरानी के बाद मरीज की तेजी से रिकवरी हुई। कुछ ही दिनों में वह चलते-फिरते, मुस्कराते हुए वार्ड से डिस्चार्ज हुआ और आज भी वह स्वस्थ है और नियमित फॉलोअप में है।
डॉ मेहता ने बताया कि यह सर्जरी देश के चिकित्सा इतिहास का एक महत्वपूर्ण अध्याय है। जिसे करने के लिए विश्व के विख्यात केंद्रों में प्रशिक्षित विशेषज्ञों, तकनीक तथा उपकरणों की आवश्यकता होती है। ये सभी संसाधन महात्मा गांधी अस्पताल में जुटाए गए हैं। अब रोगियों को लिवर ट्रांसप्लांट तथा अन्य जटिल ऑपरेशन के लिए राज्य से बाहर जाने की आवश्यकता नहीं रही।

 

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version