लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
ग्रामीणों ने निकाला सम्मान जुलूस, पूर्व सैनिकों ने दी बधाई
लोसल (सीकर) | ओमप्रकाश सैनी: लोसल के निकटवर्ती गांव सिंगरावट निवासी पार्थ सारथी शर्मा के लेफ्टिनेंट बनकर पहली बार गांव पहुंचने पर क्षेत्र में हर्ष और गर्व का माहौल रहा। इस अवसर पर ग्रामीणों के साथ-साथ विप्र समाज लोसल की ओर से भी उनका भव्य स्वागत और सम्मान किया गया।
विप्र समाज के मीडिया प्रभारी ने बताया कि मात्र 23 वर्ष की उम्र में लेफ्टिनेंट बनकर पार्थ सारथी शर्मा ने समाज और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। समाज की ओर से उन्हें भगवान परशुराम का चित्र भेंट कर माला पहनाकर सम्मानित किया गया।
सम्मान समारोह में पार्थ सारथी शर्मा ने कहा कि बचपन से ही उनका सपना भारतीय सेना में जाकर देश सेवा करने का था, जिसे उन्होंने कड़ी मेहनत और लगन से पूरा किया। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और परिवारजनों को दिया।
इस अवसर पर भाजपा नेता राजकुमार शर्मा, प्रवीण मिश्रा, भवानी शंकर शर्मा, बाबूलाल शर्मा, नेमीचंद शर्मा (गुमानपुरा), गजेंद्र गौड़, अनुराग शर्मा, महेंद्र गौड़ सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इससे पूर्व सिंगरावट गांव में ग्रामीणों द्वारा पार्थ सारथी शर्मा के सम्मान में गांव के प्रमुख मार्गों से भव्य जुलूस निकाला गया। जगह-जगह स्वागत द्वार बनाकर पुष्प वर्षा से उनका अभिनंदन किया गया।
इस दौरान क्षेत्र के पूर्व सैनिकों ने भी पार्थ सारथी शर्मा को सम्मानित कर बधाई दी। पूर्व सैनिकों ने कहा कि इतनी कम उम्र में लेफ्टिनेंट बनना गर्व की बात है और यह युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
कार्यक्रम में वायुसेना से सेवानिवृत्त ऑडनरी कैप्टन जमील कुरैशी, पदमाराम भाकर, रामलाल ओला, भागीरथ मल राठौड़ (लोसल छोटी) सहित कई पूर्व सैनिक मौजूद रहे।











































