लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
मेले भारतीय संस्कृति की पहचान — विधायक भायल
समदड़ी, बालोतरा। समदड़ी क्षेत्र के लाखेटा गांव में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी संतोष भारती महाराज की समाधि स्थल पर अंतरराष्ट्रीय गैर नृत्य मेले का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और ग्रामीणों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व राजस्व मंत्री अमराराम चौधरी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सिवाना विधायक हमीर सिंह भायल ने की।
अति विशिष्ट अतिथि के रूप में उप जिला प्रमुख खेताराम कालमा, पूर्व परिषद सदस्य इंदाराम चौधरी, अतिरिक्त जिला कार्यकारी अधिकारी भुवनेश्वर सिंह चौहान, सिवाना उपखंड अधिकारी सुरेंद्र सिंह खंगारोत, तहसीलदार नारायणराम देवासी, लाखेटा मेला कमेटी अध्यक्ष कानसिंह कोटड़ी, सरपंच लीला देवी भील और सरपंच संघ अध्यक्ष खेतसिंह कोटड़ी सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
मेलों से बढ़ता है भाईचारा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व राजस्व मंत्री अमराराम चौधरी ने कहा कि मेले मेल-मिलाप और सामाजिक एकता के प्रतीक होते हैं। मेले आपसी भाईचारा बढ़ाने के साथ भारतीय संस्कृति को जीवित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
वहीं विधायक हमीर सिंह भायल ने कहा कि मेले भारतीय संस्कृति की पहचान हैं। यदि भारतीय संस्कृति को जीवित रखना है तो मेलों को भी जीवित रखना होगा।
1965 से हर वर्ष लगता है मेला
कार्यक्रम के दौरान पूर्व विधायक एवं मेला कमेटी अध्यक्ष कानसिंह कोटड़ी ने बताया कि लाखेटा का गैर मेला पूरे देश में विशेष महत्व रखता है और इसे विश्व स्तर पर भी जाना जाता है।
उन्होंने बताया कि यह मेला 1965 से हर वर्ष चैत्र सुदी तीज के दिन आयोजित किया जाता है। मान्यता है कि इस क्षेत्र में कभी लाखा नाम का राक्षस रहता था, जो लोगों को परेशान करता था। उसके वध के लिए श्री 1008 संतोष भारती महाराज ने इस धरती पर अवतार लिया और राक्षस का वध कर लाखेटा गांव की स्थापना की।
बताया जाता है कि संतोष भारती महाराज ने इसी स्थान पर सातवीं बार जीवित समाधि भी ली थी।
मेले को बताया अद्भुत
कार्यक्रम में जिला कार्यकारी अधिकारी भुवनेश्वर सिंह चौहान ने मेले को अद्भुत बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों को बढ़ावा दिया जाना चाहिए, जिससे सामाजिक मेल-मिलाप और सांस्कृतिक परंपराएं जीवित रह सकें।
इस अवसर पर हुकम सिंह अजीत, पूर्व सरपंच रामचंद्र चौधरी, भाजपा मंडल अध्यक्ष देवेंद्र बोराणा, सरपंच प्रतिनिधि जेठाराम भील सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


















































