लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
यूरिया के लिए दिनभर लगी लंबी कतारें, सीमित स्टॉक से कई किसान लौटे मायूस
राजसमंद (गौतम शर्मा)। रबी फसल की तैयारी के बीच शनिवार को कुंवारिया सहकारी समिति पर यूरिया एवं नैनो यूरिया लिक्विड के वितरण के दौरान किसानों की भारी भीड़ देखने को मिली। खाद वितरण की सूचना मिलते ही सुबह से ही समिति परिसर में किसानों की कतारें लगनी शुरू हो गईं, जो शाम तक जारी रहीं। दिनभर में समिति परिसर मंडी जैसा नजर आया।
समिति के व्यवस्थापक मांगीलाल भील ने बताया कि प्रत्येक किसान को एक आधार कार्ड पर दो कट्टे यूरिया और एक नैनो यूरिया लिक्विड दिया गया। इस बार आए ट्रक में कुल 670 कट्टे यूरिया उपलब्ध थे, जिन्हें किसानों में वितरित कर दिया गया। सीमित स्टॉक के कारण कई किसानों को खाद नहीं मिल पाई, जिसके चलते उनमें निराशा व नाराजगी देखने को मिली।
उन्होंने बताया कि अतिरिक्त यूरिया की मांग का प्रस्ताव भेज दिया गया है। नया स्टॉक प्राप्त होते ही किसानों को पुनः वितरण किया जाएगा। भीड़ नियंत्रण एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए समिति प्रशासन दिनभर मौके पर तैनात रहा।
खाद वितरण के दौरान समिति अध्यक्ष विजय प्रकाश सनाढ्य, भावा के पूर्व रोशन लाल सरगरा, रामलाल जाट, सुरेश चन्द्र भील, बाबूलाल सालवी, हीरालाल सालवी, रामलाल कीर, भंवरलाल कीर, कन्हैया लाल जाट सहित रूपाखेड़ा, खखलिया खेड़ा, सूरजपुरा, रेलवे स्टेशन, आकोदिया खेड़ा, फियावड़ी आदि गांवों से बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।


















































