लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
गौतम शर्मा राजसमन्द।
राजसमंद। कुंवारिया पुलिस फायरिंग रेंज पर सोमवार को आयोजित वार्षिक फायरिंग अभ्यास के दौरान पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों ने विभिन्न आधुनिक हथियारों से सधे हुए निशाने लगाकर अपने कौशल का प्रदर्शन किया। एसपी ममता गुप्ता के निर्देशन और फायरिंग बट इंचार्ज कानसिंह के नेतृत्व में आयोजित इस अभ्यास में सुबह से ही उत्साह देखने को मिला।
थाना अधिकारी उदयलाल बरगट ने पिस्तौल से 10 राउंड फायर किए, जिनमें दो निशाने सटीक लगे। एएसआई कमलेंद्र सिंह ने 10 में से 8 निशाने लक्ष्य पर साधे। एएसआई शंकर सिंह व रामचंद्र चौधरी ने भी मानव रहित पुतलों पर उत्कृष्ट निशाने लगाए।
अभ्यास में कर्मचारियों और अधिकारियों ने पिस्तौल, एसएलआर, इंसास, एमपी-5, जेवीपीसी 9 एमएम पिस्टल और 12 बोर पंप एक्शन गन जैसे हथियारों का इस्तेमाल किया। फायरिंग को लेटकर, बैठकर, खड़े होकर, एक आंख बंद कर तथा श्वास रोककर जैसे विभिन्न तरीकों से अभ्यास कराया गया। साथ ही हथियारों की सफाई और रख-रखाव की जानकारी भी दी गई।
बताया गया कि अपराधियों से प्रभावी ढंग से निपटने और फील्ड में बेहतर प्रदर्शन के उद्देश्य से यह वार्षिक फायरिंग अभ्यास किया गया। फायरिंग रेंज दिनभर गोलियों की आवाज से गूंजती रही और कर्मचारियों में विशेष उत्साह नजर आया।
अभ्यास के दौरान फायरिंग बट इंचार्ज कानसिंह, कोत कमांडर सैमुअल मसीह, आर. मोरर मदनलाल, अलोडिया, एएसआई राम सिंह, हेड कांस्टेबल सुरेश टेलर, रामफल मीणा, लीलाधर, मंजू कुमावत, हेमंत डांगी, बंशीलाल सहित कई पुलिसकर्मी मौजूद रहे।















































