लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
किसानों ने मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन
लालपुर चौराहे के पास अंडरपास बनाने की मांग, हादसों और पशुधन की सुरक्षा का दिया हवाला
गौतम शर्मा, राजसमंद।
राजसमंद जिले के कुंवारिया तहसील क्षेत्र के किसानों ने फोरलेन सड़क निर्माण के दौरान लालपुर चौराहे के पास अंडरपास बनाने की मांग को लेकर सोमवार को मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार सुंदर लाल कटारा को ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन तहसीलदार कुंवारिया के माध्यम से भेजा गया, जिसमें क्षेत्र के किसानों और पशुपालकों की समस्याओं का उल्लेख किया गया है।
ज्ञापन में बताया गया कि गांव के किसान अपने खेतों में आने-जाने और पशुओं को चराने व लाने-ले जाने के लिए लंबे समय से कच्चे रास्तों और पुराने मार्गों का उपयोग करते रहे हैं। फोरलेन सड़क बनने के बाद इन रास्तों के बंद होने से किसानों और पशुपालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही सड़क पार करते समय दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है, जिससे लोगों और पशुओं के जीवन को खतरा बना हुआ है।
किसानों का कहना है कि फोरलेन सड़क पर तेज गति से वाहनों की आवाजाही होने के कारण सुरक्षित रूप से सड़क पार करना मुश्किल हो गया है। ऐसे में लालपुर चौराहे के पास अंडरपास का निर्माण किया जाए, ताकि किसान, ग्रामीण और पशुधन सुरक्षित तरीके से आवागमन कर सकें।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि इस संबंध में पहले भी प्रशासन को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द अंडरपास निर्माण के आदेश नहीं दिए गए तो क्षेत्र के किसानों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ सकता है।
ज्ञापन पर क्षेत्र के खेमराज, नाथुदास, शांतिलाल कीर, मांगीलाल, देवीलाल, मुकेश, शंकरलाल, फतेहलाल, मोतीराम, रतनलाल सहित बड़ी संख्या में किसानों और ग्रामीणों ने हस्ताक्षर कर अपनी सहमति जताई।





















































