लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
18वें सामूहिक विवाह सम्मेलन के लिए 26 नवंबर से शुरू होगा पंजीयन
रिपोर्टर – मनीष कुमार पारीक
नावां सिटी। श्री कुमावत समाज सुधार व सेवा समिति, नावां की मासिक अमावस्या बैठक गुरुवार को श्री राधाकृष्ण भगवान मंदिर परिसर में अध्यक्ष राजेश सिहोटा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में महत्वपूर्ण पदभारों का पुनर्गठन करते हुए हुकमाराम घोड़ेला को महामंत्री तथा कानाराम जलांधरा को नया कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया।
बैठक में आगामी रामनवमी पर आयोजित होने वाले 18वें सामूहिक विवाह सम्मेलन को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। समिति ने घोषणा की कि 26 नवंबर, बुधवार से वैवाहिक जोड़ों के पंजीयन की प्रक्रिया शुरू होगी। पंजीयन के लिए आवश्यक स्टेशनरी छपवाने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति प्रदान की गई।
इस दौरान समाजसेवी सीताराम तुनगरिया ने सम्मेलन में शामिल होने वाली सभी वधुओं को चांदी की बिछुड़ियां भेंट करने की घोषणा की, जिससे समाज में उत्साह का माहौल बना।
बैठक में सीताराम नागा, भींवाराम मोरवाल (पूर्व पालिका अध्यक्ष), मदनलाल पीपलोदा (पूर्व समिति अध्यक्ष), एडवोकेट मोहनलाल जलांधरा, बन्नाराम सारड़ीवाल, हेमाराम मोरवाल, राजेश नागा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व समाजजन उपस्थित रहे।
समिति ने सामूहिक विवाह सम्मेलन को समाज की एकता, सहयोग और सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए सभी सदस्यों से अधिकाधिक सहभागिता का आह्वान किया।


















































