लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
बिल्ली के बावजी मंदिर के पास वारदात, केबल नहीं मिलने पर किसानों ने रस्सी से बाहर निकाली पानी की मोटर
राजसमंद। (गौतम शर्मा) जिले के कुंवारिया थाना क्षेत्र के देवली गांव में बिल्ली के बावजी मंदिर के पास स्थित कुएं से अज्ञात बदमाश पानी की मोटर की करीब 130 फीट लंबी केबल चोरी कर ले गए। केबल चोरी होने से किसानों के सामने मक्का की फसल की सिंचाई का संकट खड़ा हो गया है।
जानकारी के अनुसार किसान देवीलाल सुबह करीब 8 बजे खेत में मुरझा रही मक्का की फसल की सिंचाई के लिए मोटर चलाने पहुंचा। कुएं पर पहुंचने पर पानी की मोटर की केबल गायब मिली। केबल नहीं मिलने पर किसान हक्का-बक्का रह गया और उसने गांव के अन्य किसानों को सूचना दी।
सूचना मिलने पर सुरेश चंद्र कुमावत, मथरा लाल, तुलसी राम, बालूराम कुमावत, नारायण लाल और भगवान लाल सहित अन्य किसान मौके पर पहुंचे। किसानों ने कुएं में उतरने के बजाय रस्सी की मदद से पानी की मोटर को बाहर निकाला।
केबल काटकर ले गए बदमाश
किसानों के अनुसार अज्ञात बदमाश कुएं में लगी करीब 130 फीट लंबी केबल काटकर ले गए। केबल चोरी होने से मोटर बंद हो गई है और खेतों में खड़ी मक्का की फसल की सिंचाई प्रभावित हो रही है।
किसानों का कहना है कि मक्का की फसल को इस समय पानी की आवश्यकता है। ऐसे में केबल चोरी होने से सिंचाई में देरी हुई तो फसल को नुकसान होने की आशंका है।
अब किसान नई केबल की व्यवस्था करने में जुटे हैं, ताकि जल्द से जल्द मोटर चालू कर मक्का की फसल की सिंचाई की जा सके। किसानों ने खेतों और कुओं से कृषि उपकरणों की चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।