लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सवाई माधोपुर।
कृषि एवं आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने शनिवार को सवाई माधोपुर जिले एवं आसपास के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर हालात का जायज़ा लिया। उन्होंने हवाई पट्टी पर प्रभावित परिवारों से आत्मीय संवाद किया और उनकी समस्याओं को सुना।
डॉ. मीणा ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर राहत एवं पुनर्वास कार्यों की समीक्षा की और उन्हें त्वरित गति देने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद वे सूरवाल सहित कई बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों में ट्रैक्टर से पहुंचे और जमीनी स्तर पर स्थिति का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया।
गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बैढ़म भी रहे साथ
इस दौरान राजस्थान सरकार के गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम भी उनके साथ मौजूद रहे। उन्होंने भी राहत कार्यों की निगरानी में सक्रिय भूमिका निभाई और प्रभावित परिवारों को भरोसा दिलाया कि सरकार हर संभव मदद पहुंचा रही है।

डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि,
“राज्य सरकार इस संकट की घड़ी में हर प्रभावित नागरिक के साथ मज़बूती से खड़ी है। हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है कि सभी प्रभावित परिवारों को सुरक्षित रखा जाए और उन्हें शीघ्र हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।”
राज्य सरकार की प्राथमिकताएँ:
प्रभावित परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करना।
राहत एवं पुनर्वास कार्यों में तेजी लाना।
प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखना।
राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रभावित परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा और हर आवश्यक मदद समय पर उपलब्ध कराई जाएगी।










































