लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
गुरला/भीलवाड़ा, (सत्यनारायण सेन)। महेन्द्रगढ़ ग्राम पंचायत में क्लीन एंड ग्रीन विलेज अभियान के तहत नालियों में होने वाले अवरोध को हटाने के लिए सरपंच रामधन सोमानी ने अनोखी पहल करते हुए ग्रामीणों को निःशुल्क करचू (लोहे का बड़ा चम्मच) वितरित किए।
सरपंच रामधन सोमानी ने बताया कि नालियों में अक्सर कचरा जमा होने से पानी रास्तों पर फैल जाता है। इस समस्या के समाधान के लिए ग्रामीणों को करचू उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे वे आसानी से नालियों की सफाई कर सकें और पानी सड़कों पर न आए।
उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत में पहले चरण में 20 करचू वितरित किए गए हैं और लक्ष्य है कि गांव के प्रत्येक घर तक एक करचू पहुंचाया जाए, ताकि नालियों में गंदगी और अवरोध की समस्या समाप्त हो सके।
ग्रामीणों ने बताया कि सरपंच रामधन सोमानी गांव में साफ-सफाई को लेकर लगातार नवाचार कर रहे हैं। उनके प्रयासों से तालाब क्षेत्र में छायादार व फलदार पौधारोपण किया गया है तथा चारागाह भूमि से जर्मनी खरपतवार भी हटाई गई है। इसके साथ ही पूरे गांव में स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
सरपंच सोमानी ने कहा कि ग्राम पंचायत का लक्ष्य “ग्रीन एंड क्लीन विलेज” बनाना है, जिसके लिए ग्रामीणों के सहयोग से निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।





















































