लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल): मुख-बधिर विद्यालय और मानव सेवा संस्थान के संस्थापक, समाजसेवी किशनलाल मानसिंहका का अचानक निधन हो गया। इस दुख की घड़ी में उनके परिवार ने नेत्रदान का पुण्य कार्य करके अंधत्व निवारण में योगदान दिया।
लायंस क्लब भीलवाड़ा के माध्यम से यह नेत्रदान भारत विकास परिषद, वीर शिवाजी शाखा की प्रेरणा से संपन्न हुआ। लायन राकेश पगारिया ने बताया कि पत्नी इंदिरा देवी, पुत्र अंकुर मानसिंहका और परिवार के अन्य सदस्यों की सहमति से यह निर्णय लिया गया।
नेत्रों का उत्सर्जन कार्य आई बैंक सोसाइटी ऑफ राजस्थान, भीलवाड़ा चैप्टर के नेत्र सहायक चेतन भट्ट द्वारा दिवंगत के निवास स्थान पर जाकर संपन्न किया गया। कॉर्निया को जयपुर स्थित आई बैंक सोसायटी ऑफ राजस्थान भेजा गया, जहां इसे दो नेत्रहीन व्यक्तियों को नेत्र ज्योति प्रदान करने के लिए उपयोग किया जाएगा।
इस पुण्य कार्य में लायंस क्लब के अध्यक्ष पवन पवार, पूर्व रीजन चेयरमैन लायन राकेश पगारिया, नेत्र सहायक पिंकी सिंधी, नीलोफर मंसूरी, राकेश दुग्गड़ और कैलाश का सहयोग रहा।
लायंस आई हॉस्पिटल और आई बैंक परिवार ने दिवंगत के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए मानसिंहका परिवार को साधुवाद दिया। क्लब ने कहा कि किशनलाल मानसिंहका का यह अमूल्य योगदान दो जरूरतमंद व्यक्तियों की जिंदगी में नई रोशनी लाएगा और समाज में नेत्रदान के महत्व के प्रति जागरूकता फैलाने का प्रेरक कार्य करेगा।













































