लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
राजसमन्द।
रिपोर्टर: गौतम शर्मा
मेघाखेड़ा का लाल — किसान के बेटे से युवा वैज्ञानिक और उद्यमी बने डॉ. सीताराम सिरवी, शोध से स्टार्टअप तक सफलता की मिसाल
राजसमन्द। बनास नदी के किनारे बसे छोटे से गाँव मेघाखेड़ा का नाम इन दिनों प्रदेशभर में चर्चा में है। वजह हैं किसान परिवार में जन्मे डॉ. सीताराम सिरवी, जिन्होंने मेहनत, लगन और नवाचार के दम पर शिक्षा, शोध और स्टार्टअप जगत में अपनी अलग पहचान बनाई है।
किसान परिवार से निकलकर राष्ट्रीय स्तर तक सफर
किसान पिता मांगीलाल सिरवी से मिली सादगी और अनुशासन ने डॉ. सिरवी को बचपन से ही कृषि क्षेत्र में नवाचार की प्रेरणा दी। इसी जुनून ने उन्हें उच्च शिक्षा और शोध की राह पर आगे बढ़ाया।
11 दिसंबर 2025 को उन्होंने राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय, ग्वालियर से कीट विज्ञान (Entomology) में पीएच.डी. की उपाधि प्राप्त की। उन्हें यह उपाधि केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के हाथों प्रदान की गई।
उनका शोध प्याज फसल में लगने वाले थ्रिप्स कीट और उसके प्रभावी प्रबंधन पर आधारित था, जिसे राष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिली।
शोध उपलब्धियों की लंबी सूची
डॉ. सिरवी को मिले प्रमुख सम्मान—
-
अकादमिक उत्कृष्टता पुरस्कार
-
आउटस्टैंडिंग थीसिस अवार्ड
-
बेस्ट पोस्टर अवार्ड
वे मेघाखेड़ा ग्राम पंचायत क्षेत्र और मेवाड़ सिरवी समाज से पीएच.डी. करने वाले पहले युवा हैं, जो पूरे समुदाय के लिए गर्व की बात है।
शिक्षक, वैज्ञानिक और लेखक
डॉ. सिरवी वर्तमान में माधव विश्वविद्यालय, सिरोही में सहायक प्राध्यापक के रूप में कार्यरत हैं।
अब तक वे—
-
20+ शोध पत्र,
-
12 पुस्तक अध्याय,
-
2 पुस्तकें,
-
तथा कई लोकप्रिय लेख प्रकाशित कर चुके हैं।
वे युवाओं को शोध एवं नवाचार की दिशा में प्रेरित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
स्टार्टअप की दुनिया में भी कदम
शिक्षण और वैज्ञानिक गतिविधियों के साथ-साथ डॉ. सिरवी एक सफल उद्यमी भी हैं।
उन्होंने “आई जी हनी” (IG Honey) नाम से स्टार्टअप शुरू किया है, जिसका उद्देश्य लोगों को शुद्ध व प्राकृतिक शहद उपलब्ध कराना है।
एक अपिकल्चर विशेषज्ञ होने के नाते वे किसानों, महिलाओं और युवाओं को उन्नत मधुमक्खी पालन तकनीक सिखाकर स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध करा रहे हैं।
युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा
ग्रामीण परिवेश से निकलकर राष्ट्रीय पटल पर अपनी पहचान बनाने वाले डॉ. सीताराम सिरवी आज उन हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत हैं, जो मेहनत, दिशा और लगन के बल पर सफलता की नई कहानी लिख सकते हैं।
















































