लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
गौतम शर्मा | राजसमंद
राजसमंद। राजसमंद-भीलवाड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुंवारिया थाना क्षेत्र के खंडेल चौराहे के पास रविवार को दो कारों की आमने-सामने की भिड़ंत में एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि एक कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वह सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर-कल्टी से टकराकर रुकी। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि ट्रैक्टर बीच में नहीं होता तो कार पास की दुकान में घुस सकती थी, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था।
सूचना मिलते ही कुंवारिया थाना प्रभारी रामचंद्र कुमावत एवं खंडेल चौकी प्रभारी रामचंद्र चौधरी पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
पुलिस के अनुसार, भीलवाड़ा निवासी अंकित पुत्र रामनिवास लड़ा अपने परिवार के सात सदस्यों के साथ गुजरात में एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान खंडेल चौराहे पर कुंवारिया की ओर से आ रही एक इनोवा कार ने कथित रूप से अचानक कट लेकर कुरज की ओर मुड़ने का प्रयास किया, जिससे सामने से आ रही कार से उसकी भिड़ंत हो गई।
हादसे में गणपतलाल (58) पुत्र रामकिशन सेठिया, निवासी बागोर, गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल आर.के. चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। गणपतलाल कार चालक अंकित के ससुर थे। वहीं चालक अंकित और उसकी साली की पुत्री श्रद्धा गंभीर रूप से घायल हो गए। अंकित की पत्नी क्षमा, सास अलका सेठिया तथा दो बच्चे सुरक्षित बच गए।
पुलिस के अनुसार, दूसरी कार (इनोवा) में चालक सहित पांच लोग सवार थे, जो उदयपुर से बनेड़िया जा रहे थे। इस वाहन में सवार सभी लोग सुरक्षित बताए गए हैं।
पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को जब्त कर खंडेल चौकी परिसर में खड़ा कराया गया है। मामले में इनोवा चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। बाद में पुलिस ने क्रेन की सहायता से दोनों वाहनों को हटाकर यातायात सुचारु कराया।