लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भरतपुर। किला परिसर स्थित खास महल में कार्यरत एक बाप-बेटे पर मैनेजर और स्टाफ द्वारा लाठी-डंडों व सरियों से किए गए हमले का मामला सामने आया है। समय पूरा होने के बाद अतिरिक्त काम से मना करना दोनों के लिए भारी पड़ गया। हमले में गंभीर रूप से घायल हुए दोनों को आरबीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ितों ने पुलिस में लिखित शिकायत दी है।
अवार गांव निवासी राजकुमार ने बताया कि वह अपने पिता रामशरण के साथ सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक मजदूरी करता है। शाम 5 बजे काम का समय पूरा होने पर जब दोनों घर जाने लगे तो मैनेजर ने अतिरिक्त काम करने के लिए कहा। मना करने पर मैनेजर ने गाली-गलौज शुरू कर दी और कुछ ही देर में करीब 25 लोगों के साथ मिलकर पिता रामशरण पर हमला कर दिया।
राजकुमार ने कहा, “मैं पिता को बचाने पहुँचा तो मुझ पर भी लाठी, डंडों और सरियों से हमला कर दिया। पिता के दोनों हाथों में गंभीर चोटें आई हैं और मेरे सिर पर गहरी चोट लगी है। मारपीट इतनी भयंकर थी कि हम दोनों मौके पर ही बेहोश हो गए।”
बताया गया कि बीच-बचाव करने आए साथी मजदूरों पर भी हमला करने की कोशिश की गई। बाद में साथियों ने घायल बाप-बेटे को आरबीएम अस्पताल पहुँचाया, जहाँ उनका उपचार जारी है।
पीड़ित पक्ष ने मैनेजर और उसके साथियों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।














































