लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
महीनों से बाधित सप्लाई से ग्रामीण बेहाल, प्रशासन मौन
रिपोर्टर — मनीष पारीक, नावा शहर
नावा उपखण्ड के ग्राम खारड़िया में पिछले कई महीनों से पेयजल आपूर्ति पूरी तरह बाधित है, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
इंदिरा गांधी पेयजल योजना के तहत गांव में की जाने वाली सप्लाई मुख्य पाइपलाइन में अवैध कनेक्शन और कई स्थानों पर लाइन जाम होने से प्रभावित हो रही है। स्थिति यह है कि कई वार्डों में बिल्कुल पानी नहीं पहुंच रहा, जिसके कारण महिलाओं को दूर-दराज़ से पानी लाना पड़ रहा है। सुबह-सुबह पानी भरने के लिए ग्रामीणों की लंबी कतारें आम दृश्य बन चुकी हैं।
ग्रामीण धर्म सिंह खारड़िया ने बताया कि गांव में जो पानी आता भी है, वह पीने योग्य नहीं है क्योंकि उसमें लवण और फ्लोराइड की मात्रा अधिक है। इसके चलते गांव में बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार प्रशासन को अवगत कराया, यहां तक कि सरकारी शिविरों में भी शिकायतें दीं, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे ग्रामीणों में गंभीर रोष व्याप्त है।
गांव में पानी की समस्या के साथ-साथ कचरे के ढेर और गंदगी का जमाव भी एक बड़ा मुद्दा बना हुआ है। गलियों में फैली गंदगी से संक्रमण और बीमारियों का खतरा और बढ़ गया है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द समाधान नहीं किया गया तो वे सड़क पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उनका कहना है कि इस स्थिति की पूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन और संबंधित विभागीय अधिकारियों की होगी।















































