लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर | (आर.एन. सांवरिया) राजधानी जयपुर में प्रताप सिंह खाचरियावास के निवास स्थान पर आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान भाजपा के दो दर्जन से अधिक कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर कांग्रेस नेताओं ने नए शामिल हुए कार्यकर्ताओं का स्वागत किया और उन्हें पार्टी की विचारधारा से अवगत कराया।
कार्यक्रम में शामिल हुए कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि पिछले ढाई वर्षों से उन्हें भाजपा में कार्यकर्ताओं और आम जनता के प्रति अपेक्षित सम्मान नहीं मिल रहा था। उनका कहना था कि सरकार के कार्यकाल में छोटे-छोटे जनहित के कार्य भी समय पर पूरे नहीं हो पा रहे हैं, जिससे असंतोष बढ़ा है।
इस अवसर पर प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा राजस्थान में लगाए जा रहे स्मार्ट मीटर आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यह प्रक्रिया लोगों की सहमति के बिना की जा रही है।
उन्होंने यह भी दावा किया कि केंद्र सरकार के ऊर्जा मंत्री पहले ही संसद में स्पष्ट कर चुके हैं कि स्मार्ट मीटर जबरन नहीं लगाए जा सकते, बावजूद इसके राज्य में प्रशासनिक दबाव में इन्हें लगाया जा रहा है, जो जनता के साथ अन्याय है।
खाचरियावास ने जनता से अपील की कि वे जबरन स्मार्ट मीटर लगाए जाने का विरोध करें और अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाएं। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि प्रदेश में जनहितकारी सरकार बने और लोगों को राहत मिले।
कार्यक्रम में झोटवाड़ा मंडल अध्यक्ष सतीश झिंगनिया की मौजूदगी में अमर सिंह शेखावत, राहुल सिंह शेखावत, नवीन सिंह शेखावत, महिपाल सिंह चारण, सागर राज कुमावत, दिनेश कुमावत, अशोक सिंह रावत, दीपक पांडे, अंकित जोशी, फरदीन खान, प्रताप सिंह शेखावत, विकास शर्मा, ओम प्रकाश बागड़ा, रोहित कुमावत, हर्षित शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस की सदस्यता ली।
इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। सभी ने संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया।