लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
814वें उर्स में पीएम मोदी की ओर से भेजी गई चादर, अमन-चैन की दुआ
लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
अजमेर | नितिन मेहरा
अजमेर | केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू शनिवार को चादर लेकर अजमेर पहुंचे। अजमेर सर्किट हाउस में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर सांसद भागीरथ चौधरी, भाजपा शहर अध्यक्ष रमेश सोनी सहित पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने राजस्थानी परंपरा के अनुसार माल्यार्पण और साफा पहनाकर उनका अभिनंदन किया।
इसके पश्चात केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने अजमेर शरीफ स्थित दरगाह ख्वाजा गरीब नवाज के 814वें सालाना उर्स के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से भेजी गई चादर चढ़ाई। चादर चढ़ाने के बाद दरगाह में धार्मिक रस्में अदा की गईं और देश में अमन-चैन, भाईचारे और खुशहाली की दुआ मांगी गई।
केंद्रीय मंत्री ने दरगाह को देश की गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी सौहार्द का प्रतीक बताते हुए कहा,
“चादर चढ़ाते समय हमने दुआ मांगी है कि हमारा देश निरंतर तरक्की करे और दुनिया में हर क्षेत्र में अग्रणी बने। हमने भारत के तेजी से विकसित राष्ट्र बनने का आशीर्वाद मांगा है। मेरा विश्वास है कि अजमेर दरगाह में मांगी गई हर दुआ पूरी होती है।”
उन्होंने कहा कि ख्वाजा साहब की दरगाह पूरी दुनिया को अमन, चैन, शांति और सेवा का संदेश देती है। “यहां सभी धर्मों और समुदायों के लोग श्रद्धा और प्रेम के साथ आते हैं। अल्पसंख्यक मंत्रालय दरगाह के विकास और उन्नयन के लिए लगातार प्रयासरत है। यहां आने वाले जायरीन को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका पूरा ध्यान रखा जाएगा। इस वर्ष का प्रबंधन भी बहुत अच्छा रहा है।”
पत्रकारों से बातचीत में किरेन रिजिजू ने कहा कि अजमेर शरीफ दरगाह को लेकर मान्यता है कि यहां मांगी गई हर मन्नत पूरी होती है।
“हमने देश के हर धर्म और जाति के लिए दुआ मांगी है। मैं खुद को सौभाग्यशाली मानता हूं कि मुझे लगातार दूसरी बार यहां आने का अवसर मिला,” उन्होंने कहा।









































