लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
अजमेर से नितिन मेहरा
अजमेर। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री तथा अजमेर सांसद भागीरथ चौधरी ने अपने संसदीय क्षेत्र के किशनगढ़ विधानसभा के अरांई ब्लॉक के ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा कर आमजन और कार्यकर्ताओं से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं गंभीरता से सुनी और संबंधित अधिकारियों को समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रवास के दौरान केंद्रीय मंत्री ने डबरेला, बोराड़ा सहित आसपास के गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों से मुलाकात की और उनकी विभिन्न समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके।
इस अवसर पर मंत्री चौधरी ने कहा कि देश और प्रदेश की डबल इंजन सरकार आमजन के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से गांव-गांव तक विकास की रोशनी पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है, जिससे आमजन के जीवन में खुशहाली आए।
दौरे के दौरान केंद्रीय मंत्री ने बोराड़ा मंडल अध्यक्ष रणजीत खोड़ के पुत्र के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया और शोक संतप्त परिवार से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिजनों को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
इस दौरान अरांई मंडल अध्यक्ष शिवरतन सिंह, डॉ. संजय शर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।




















































