लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
केकड़ी। उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने शनिवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के साथ केकड़ी में आयोजित कार्यक्रम में लगभग ₹880 करोड़ की लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इस अवसर पर आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं देते हुए राज्य सरकार की विकास योजनाओं की जानकारी साझा की।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश की डबल इंजन सरकार राजस्थान में विकास को नई गति, नई दिशा और नया विश्वास दे रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है, ताकि विकसित राजस्थान का संकल्प जल्द साकार हो सके।
उन्होंने कहा कि सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत ढांचे से जुड़ी परियोजनाओं के माध्यम से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी और आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री कन्हैयालाल चौधरी, जल संसाधन मंत्री सुरेश रावत, केकड़ी विधायक शत्रुघ्न गौतम, नसीराबाद विधायक रामस्वरूप लांबा, मसूदा विधायक वीरेंद्र सिंह कानावत, जहाजपुर विधायक गोपीचंद मीणा, देवली-उनियारा विधायक राजेंद्र गुर्जर, ब्यावर विधायक शंकर सिंह रावत, देवनारायण बोर्ड अध्यक्ष ओमप्रकाश भड़ाना, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सरिता गैना, अजमेर देहात भाजपा जिलाध्यक्ष जीतमल प्रजापति सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।