लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
74,976 लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ, विभिन्न विभागों ने दी सेवाएं
संजीव बंसल, कठूमर (अलवर)।
अलवर। माननीय राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के दिशा-निर्देशानुसार एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अलवर के अध्यक्ष अनंत भंडारी (जिला एवं सत्र न्यायाधीश) की अध्यक्षता में 29 मार्च 2026 को कठूमर स्थित गैलेक्सी एकेडमी में वृहद “मेगा विधिक चेतना एवं लोक कल्याणकारी शिविर” का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन, सरस्वती वंदना एवं नालसा थीम सॉन्ग के साथ हुआ, जिससे वातावरण ज्ञान, सेवा एवं न्याय के भाव से ओत-प्रोत हो गया।
न्याय को आमजन तक पहुंचाने पर जोर
मुख्य उद्बोधन में अध्यक्ष भंडारी ने कहा कि इस प्रकार के शिविर समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय, विधिक अधिकारों एवं सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने ‘सिंगल विंडो’ प्रणाली को सुशासन के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए ‘आदर्श विधिक सेवा केंद्र’ की अवधारणा पर भी प्रकाश डाला।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अलवर के सचिव मोहनलाल सोनी ने कठूमर को ‘आदर्श तालुका’ चुने जाने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस शिविर का उद्देश्य विधिक जागरूकता बढ़ाना और जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों और जागरूकता गतिविधियों ने बांधा समां
कार्यक्रम में प्रसिद्ध जादूगर एवं सेवानिवृत्त रोडवेज अधिकारी आर.के. सोनी ने आकर्षक प्रस्तुतियों के माध्यम से लोगों को योजनाओं की जानकारी दी। वहीं गैलेक्सी एकेडमी के विद्यार्थियों एवं भवाई नृत्य कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम को आकर्षक बनाया।
विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं का लाभ वितरण
शिविर में राजस्व, पंचायती राज, नगर पालिका, महिला एवं बाल विकास, सामाजिक न्याय, शिक्षा, चिकित्सा, ऊर्जा, जलदाय, पशुपालन, कृषि, परिवहन सहित विभिन्न विभागों ने भाग लिया।
इस दौरान कुल 74,976 लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया, जो एक उल्लेखनीय उपलब्धि रही। शिविर में दिव्यांगजनों को ट्राई-साइकिल, बालिकाओं को साइकिल तथा पात्र आवेदकों को मौके पर ही जाति एवं मूल निवास प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।
कई अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि रहे उपस्थित
कार्यक्रम में उपखंड अधिकारी श्याम सुंदर चेतीवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रियंका रघुवंशी, न्यायिक अधिकारी उदय सिंह आलोरिया, युधिष्ठिर मीणा, प्रदीप कुमावत, राजीव जिंदल, पुलिस वृत्ताधिकारी राजेश कुमार, तहसीलदार भानुप्रताप सिंह, थानाधिकारी सुनील कुमार टांक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, अभिभाषक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
यह शिविर विधिक सशक्तिकरण, जनजागरूकता एवं प्रशासनिक समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण साबित हुआ।



















































