लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पंचायत मुख्यालयों पर आयोजित हुई बैठकें
कठूमर,अलवर । (रिपोर्टर: संजीव बंसल) राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार एवं भरतपुर सांसद संजना जाटव के नेतृत्व में कठूमर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा मनरेगा बचाओ संघर्ष अभियान के तहत मंगलवार को विभिन्न पंचायत मुख्यालयों पर बैठकें आयोजित की गईं।
अभियान के तहत ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राजवीर चौधरी की अध्यक्षता में बसेठ, बेहतुकला, रामगढ़ एवं सूंडयाना सहित सभी मंडलों के पंचायत मुख्यालयों पर पहुंचकर मनरेगा योजना को लेकर चर्चा की गई। बैठक में कार्यकर्ताओं को मनरेगा के महत्व, मजदूरों के अधिकारों और रोजगार की गारंटी को लेकर जागरूक किया गया।
इस दौरान प्रदेश कांग्रेस कमेटी सदस्य जयप्रकाश दीक्षित, कैलाश पाराशर सहित अनेक कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। वक्ताओं ने केंद्र एवं राज्य सरकार पर मनरेगा को कमजोर करने के आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी मजदूरों और ग्रामीण गरीबों के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने मनरेगा योजना को बचाने और गांव-गांव तक इसकी मजबूती के लिए जनसंपर्क अभियान को और तेज करने का संकल्प लिया।








































