लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
खनन और पहाड़ों की परिभाषा बदलने के कथित षड्यंत्र के खिलाफ कांग्रेस का विरोध
कठूमर (अलवर) |
रिपोर्टर: संजीव बंसल
कठूमर (अलवर) | कठूमर में शनिवार को अरावली बचाओ जन-जागरण अभियान के तहत पैदल मार्च निकाला गया। यह मार्च लक्ष्मणगढ़ बस स्टैंड स्थित जाट धर्मशाला से शुरू होकर मुख्य बाजार से होते हुए निकला। मार्च के माध्यम से अरावली पर्वत श्रृंखला से जुड़े कथित षड्यंत्र के खिलाफ आवाज उठाई गई, जिसे प्रकृति और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य पर सीधा हमला बताया गया।
कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने खनन माफियाओं से सांठ-गांठ कर पहाड़ों की ऊंचाई के मनमाने मानक तय किए हैं और अरावली पर्वत श्रृंखला की परिभाषा बदलकर करोड़ों वर्षों पुरानी प्राकृतिक धरोहर को समाप्त करने का प्रयास किया जा रहा है। 
पर्यावरण संरक्षण के लिए निर्णायक संघर्ष का संकल्प
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी पर्यावरण की रक्षा और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए यह संघर्ष निर्णायक रूप से लड़ेगी। पैदल मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में अरावली को बचाने का संकल्प दोहराया।
यह पैदल मार्च भरतपुर सांसद संजना जाटव के निर्देशानुसार आयोजित किया गया। मार्च में कठूमर प्रभारी सुरेश पुछरी, ओबीसी की राष्ट्रीय सचिव नीमा चौधरी, प्रदेश कांग्रेस कमेटी सदस्य जयप्रकाश दीक्षित, वरिष्ठ कार्यकर्ता कैलाश पाराशर, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजवीर चौधरी, सोनू सोती, युवा नेता सोमेश्वर चौधरी, मंडल अध्यक्षों सहित कांग्रेस पार्टी के बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।
कार्यक्रम के अंत में वक्ताओं ने अरावली पर्वत श्रृंखला को बचाने के लिए जन-जागरण तेज करने और आंदोलन को आगे बढ़ाने की बात कही।










































