लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
व्यावहारिक ज्ञान और सामाजिक समावेशिता की भावना को बढ़ावा मिला — डॉ. मीनाक्षी शर्मा
भीलवाड़ा। (पंकज पोरवाल) — कंचन देवी शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय एवं कंचन देवी कॉलेज ऑफ कम्प्यूटर साइंस, भीलवाड़ा के विद्यार्थियों ने भीलवाड़ा सरस डेयरी का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को औद्योगिक कार्यप्रणाली और व्यावहारिक ज्ञान से अवगत कराना था।
कार्यक्रम में कॉलेज की प्राचार्या डॉ. मीनाक्षी शर्मा, उप प्राचार्या डॉ. शबनम कायमखानी सहित समस्त व्याख्याता उपस्थित रहे। इस भ्रमण में बीएड विभाग के साथ-साथ श्रवण एवं वाक् बाधित विद्यार्थी भी उत्साहपूर्वक शामिल हुए।
डेयरी की प्रक्रिया की मिली जानकारी
भ्रमण के दौरान भीलवाड़ा डेयरी के प्रबंध निदेशक शुभम जैन ने विद्यार्थियों को डेयरी की कार्यप्रणाली, उत्पाद निर्माण, पैकेजिंग और वितरण प्रणाली के बारे में विस्तार से बताया। विद्यार्थियों ने उत्पादन इकाइयों का निरीक्षण कर वास्तविक औद्योगिक प्रक्रियाओं को समझा।
“शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों को जीवन से जोड़ते हैं”
कॉलेज की प्राचार्या डॉ. मीनाक्षी शर्मा ने कहा कि ऐसे शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों में व्यावहारिक ज्ञान, औद्योगिक समझ और सामाजिक समावेशिता की भावना को प्रोत्साहित करते हैं।
यह भ्रमण सात दिवसीय सांस्कृतिक एवं साहित्यिक सप्ताह के अंतर्गत बीएड विभाग द्वारा आयोजित किया गया। यह विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक और समावेशी अनुभव सिद्ध हुआ।











































