लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सुमेरपुर, सांडेराव व तख्तगढ़ में एमएसपी पर गेहूं खरीद प्रारंभ
पाली। भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) अजमेर डिविजन द्वारा पाली जिले के सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र के तीन केंद्रों—सांडेराव, तख्तगढ़ और सुमेरपुर—में शनिवार से समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर गेहूं की खरीद शुरू कर दी गई है।
इन केंद्रों का उद्घाटन पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री तथा स्थानीय विधायक जोराराम कुमावत ने विधिवत पूजा-अर्चना कर किया।
पहली बार सांडेराव में खरीद केंद्र
सांडेराव में पहली बार एफसीआई द्वारा गेहूं खरीद केंद्र स्थापित किया गया है, जबकि तख्तगढ़ में लगातार दूसरे वर्ष खरीद की जा रही है। मंत्री ने बताया कि रामबा फार्म, सांडेराव स्थित केंद्र पर गेहूं की खरीद की जाएगी।
किसानों को मिलेगा ₹2,735 प्रति क्विंटल
कुमावत ने बताया कि इस वर्ष किसानों को गेहूं का कुल भुगतान ₹2,735 प्रति क्विंटल मिलेगा, जिसमें केंद्र सरकार का एमएसपी ₹2,585 तथा राज्य सरकार का ₹150 प्रति क्विंटल बोनस शामिल है। 
व्यवस्थाएं और प्रक्रिया
तीनों केंद्रों पर 5-5 हजार बारदान उपलब्ध कराए गए हैं। गेहूं खरीद प्रक्रिया 30 जून 2026 तक जारी रहेगी। किसानों को खरीद के लिए राज किसान पोर्टल पर पंजीकरण कराना अनिवार्य है, जिसकी अंतिम तिथि 25 जून 2026 निर्धारित की गई है।
भुगतान सीधे किसानों के जन आधार से जुड़े बैंक खातों में ऑनलाइन किया जाएगा। किसी भी समस्या के लिए किसान टोल-फ्री नंबर 14435 पर संपर्क कर सकते हैं।
मंत्री ने सुनी किसानों की समस्याएं
उद्घाटन के दौरान मंत्री कुमावत ने केंद्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और किसानों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने हरसंभव समाधान का भरोसा दिलाया।
बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
इस अवसर पर सरस डेयरी पाली अध्यक्ष प्रताप सिंह बिठिया, किसान संघर्ष समिति अध्यक्ष जयेंद्र सिंह गलधनी, मंडल पदाधिकारी, एफसीआई अधिकारी एवं अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


















































