लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल बुजुर्ग दंपति को मंत्री ने अपने एस्कॉर्ट वाहन से अस्पताल पहुंचाया
जोधपुर। राजस्थान सरकार के पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने गुरुवार को मानवता की मिसाल पेश की। जयपुर से जोधपुर जाते समय जैतारण के निकट सड़क हादसे में घायल एक बुजुर्ग महिला और पुरुष को अपने क़ाफ़िले की एस्कॉर्ट वाहन से सुरक्षित अस्पताल पहुँचाया।
मौके पर हुआ यूँ कि मंत्री जोधपुर में एक समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान अज्ञात वाहन की टक्कर से सड़क पर बुरी तरह घायल बुजुर्ग दंपति को देखकर जोराराम कुमावत ने अपनी गाड़ी तुरंत रोकी और घायलों को अपने क़ाफ़िले की एस्कॉर्ट गाड़ी में बैठाकर अस्पताल पहुँचाया।
मंत्री की इस संवेदनशीलता और तत्परता के कारण, कड़ाके की ठंड में बुजुर्ग दंपति को समय पर चिकित्सा सुविधा मिल सकी। मौके पर मौजूद आमजन ने मंत्री के इस मानवता भरे प्रयास की मुक्तकंठ से प्रशंसा की।
इस घटना ने एक बार फिर यह सिद्ध किया कि सार्वजनिक सेवा और संवेदनशीलता का समन्वय कैसे समाज में प्रेरणा पैदा कर सकता है।