लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर (रूपनारायण सांवरिया) – राजस्थान के कैबिनेट मंत्री सुमित गोदारा ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा को झूठ बोलने से बचने की सलाह देते हुए अरावली के मुद्दे पर कांग्रेस के प्रदर्शन को “दिखावटी, बनावटी और सजावटी” बताया।
मंत्री गोदारा ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में खनन माफिया हावी था, लेकिन डबल इंजन सरकार ने अवैध खनन पर कड़ी कार्रवाई करके लगाम लगा दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2002 और 2009 में कांग्रेस ने अरावली की परिभाषा बदलकर संसाधनों की सुरक्षा को कमजोर किया।
गोदारा ने कहा, “गोविंद सिंह डोटासरा और उनकी पार्टी प्राकृतिक संसाधनों को बचाने का स्वांग रच रहे हैं। राजस्थान की वर्तमान सरकार मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की लीडरशिप में अरावली संरक्षण के प्रति पूरी तरह सचेत, सजग और प्रतिबद्ध है।”
मंत्री ने यह भी कहा कि कांग्रेस के पिछले शासन में अवैध खनन का रिकॉर्ड रहा और माफियाओं को संरक्षण मिला, जिससे प्रदेश के पहाड़, जंगल, जमीन और नदियों को गंभीर नुकसान हुआ।
गोदारा ने दावा किया कि डबल इंजन सरकार ने अवैध खनन और भंडारण के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। उन्होंने बताया कि अब तक 19,000 से अधिक वाहन और मशीनें जब्त, 2,000 से अधिक एफआईआर दर्ज, और 1,100 से ज्यादा लोग गिरफ्तार किए गए हैं।



















































