लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने किया तैयारियों का अवलोकन
अजमेर | (नितिन मेहरा) माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 28 फरवरी को प्रस्तावित विशाल जनसभा के मद्देनजर अजमेर की कायड़ विश्रामस्थली में उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने तैयारियों का निरीक्षण किया।
इस दौरान जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत, संभागीय आयुक्त शक्ति सिंह राठौड़, पुलिस महानिरीक्षक राजेन्द्र सिंह, जिला कलक्टर लोक बंधु एवं पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा सहित अन्य अधिकारियों ने व्यवस्थाओं की जानकारी दी।
व्यवस्थाएं हों समयबद्ध और जनसुविधा केंद्रित
उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध, सुव्यवस्थित और जनसुविधा को केंद्र में रखकर पूर्ण की जाएं, ताकि आयोजन ऐतिहासिक और अनुकरणीय बने। मौसम में बदलाव को देखते हुए उन्होंने पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रत्येक ब्लॉक में पानी के केम्पर तथा पार्किंग स्थलों पर पानी के टैंकर उपलब्ध कराने को कहा गया। अतिरिक्त मुख्य अभियंता रामचन्द्र राड़ को अन्य स्थानों पर भी पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
सुरक्षा और यातायात प्रबंधन पर जोर
उन्होंने विभिन्न स्थानों से आने वाले लाभार्थियों की सुविधा के लिए चेक पोस्ट स्थापित करने तथा आगमन-प्रस्थान के समय यातायात दबाव को नियंत्रित करने के लिए समय प्रबंधन की आवश्यकता पर बल दिया। मुख्य स्थल पर बड़ी संख्या में एलईडी स्क्रीन लगाने और प्रत्येक ब्लॉक में कूलर की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए।
सुरक्षा जांच में लगने वाले समय को कम करने के लिए प्रवेश जांच स्थलों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि अजमेर की यह जनसभा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि विकास और विश्वास का उत्सव होगी। किसानों, युवाओं और आमजन से अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया गया।
23 हजार करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण
जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार समन्वित रूप से आधारभूत सुविधाओं के विकास पर कार्य कर रही हैं। उन्होंने बताया कि लगभग 23 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण प्रदेश के लिए मील का पत्थर साबित होगा। प्रशासनिक अधिकारियों को सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, पेयजल, स्वच्छता, चिकित्सा और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्थाएं सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए गए।
जिला कलक्टर लोक बंधु ने सभा स्थल पर तीन वृहद डोम, मंच व्यवस्था, आमजन की बैठक व्यवस्था, पार्किंग, सुरक्षा और आपातकालीन सेवाओं की तैयारियों की जानकारी दी। सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य कर इस जनसभा को सुव्यवस्थित एवं ऐतिहासिक बनाने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राम प्रकाश, अजमेर विकास प्राधिकरण की आयुक्त नित्या के., उपखंड अधिकारी गरिमा नरूला, डॉ. नेहा राजपूत, अतिरिक्त जिला कलक्टर नरेंद्र कुमार मीणा, प्रदेश महामंत्री कैलाश मेघवाल, महामंत्री भूपेंद्र सैनी, जिलाध्यक्ष रमेश सोनी, देहात जिलाध्यक्ष जीतमल प्रजापत, प्रदेश प्रवक्ता डॉ. अरविंद शर्मा गिरधर, जिला महामंत्री किसन बंग, जिला मंत्री चंद्रेश सांखला सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


















































