लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
बाबा श्याम की पीतांबरी बागा का श्रद्धापूर्वक वितरण
पीतांबरी बागा से घर में सुख-समृद्धि व सकारात्मक ऊर्जा का वास : सुरेश पोद्दार
भीलवाड़ा। (पंकज पोरवाल) बसंत पंचमी के पावन एवं शुभ अवसर पर श्री श्याम मंदिर, काशीपुरी धाम, भीलवाड़ा में विशेष पूजा-अर्चना, अभिषेक एवं प्रसाद वितरण का भव्य आयोजन श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। प्रातःकाल से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी आवाजाही रही। बाबा श्री श्याम के जयकारों, भजनों और मंत्रोच्चार से संपूर्ण वातावरण भक्तिमय व आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो गया।
कार्यक्रम की शुरुआत बाबा श्री श्याम के विधिवत अभिषेक से हुई, जिसके पश्चात आकर्षक एवं भव्य श्रृंगार कर बाबा को बसंत पंचमी के विशेष अवसर पर पीतांबरी बागा धारण कराई गई। इसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद स्वरूप पीतांबरी बागा का वितरण किया गया, जिसे भक्तों ने श्रद्धा और आस्था के साथ ग्रहण किया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने दर्शन कर बाबा श्याम का आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर मंदिर के मुख्य पुजारी रूपेंद्र शुक्ला एवं पंडित रवि द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान से अभिषेक एवं श्रृंगार संपन्न कराया गया। अभिषेक के पश्चात प्रसाद वितरण प्रारंभ हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
पीतांबरी बागा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए श्री श्याम सेवा समिति काशीपुरी धाम, भीलवाड़ा के अध्यक्ष सुरेश पोद्दार ने बताया कि बाबा श्याम की पीतांबरी को भक्त अपने घरों के पूजा स्थल, तिजोरी अथवा व्यापारिक प्रतिष्ठानों में श्रद्धा से स्थापित करते हैं। मान्यता है कि इससे घर में सुख-समृद्धि, सकारात्मक ऊर्जा एवं पारिवारिक शांति का वास होता है तथा मंगल कार्यों एवं नई शुरुआत में यह विशेष फलदायी मानी जाती है।
मंदिर के मुख्य पुजारी रूपेंद्र शुक्ला ने धार्मिक मान्यताओं की जानकारी देते हुए बताया कि खाटू श्याम की पीतांबरी बागा केवल वस्त्र नहीं, बल्कि बाबा की कृपा और आशीर्वाद का प्रतीक है। शास्त्रों में पीला रंग ज्ञान, वैभव और समृद्धि का प्रतीक माना गया है। भक्तों का विश्वास है कि बागा का अंश भी यदि श्रद्धा से घर, पूजा स्थल या व्यापारिक प्रतिष्ठान में रखा जाए तो धन-धान्य, सुख-शांति एवं उन्नति प्राप्त होती है।
मीडिया प्रभारी पंकज अग्रवाल ने बताया कि आयोजन को सफल बनाने के लिए समिति द्वारा दर्शन व्यवस्था, अभिषेक, प्रसाद वितरण एवं अनुशासन बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए थे, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और गरिमामय रूप से संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की संपूर्ण व्यवस्थाएं श्री श्याम सेवा समिति काशीपुरी धाम, भीलवाड़ा द्वारा की गईं। समिति ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी सेवाभावी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं श्रद्धालुओं का हृदय से आभार व्यक्त किया।
















































