लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
उदयपुर: उदयपुर में कार्तिक मास की एकादशी के अवसर पर श्रद्धा और आस्था का माहौल देखने को मिला। शहरभर में तुलसी माता की पूजा-अर्चना बड़े ही भक्ति भाव से की गई।
कार्तिक मास में स्नान करने वाली महिलाओं ने घरों और मंदिरों में सोलह सिंगार अर्पित कर तुलसी माता को चुनरी ओढ़ाई, दीप प्रज्वलित किए और 108 परिक्रमा लगाकर परिवार व समाज की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।
शहर के प्रमुख जगदीश मंदिर सहित अनेक धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालु महिलाएं पहुंचीं। उन्होंने कल्पवृक्ष की पूजा-अर्चना, रक्षा सूत्र बांधने और दीपदान के माध्यम से पुण्य अर्जित किया।
महिला श्रद्धालु मीना खत्री ने बताया कि कार्तिक मास के अंतिम चरण में धार्मिक गतिविधियों में वृद्धि हुई है। बड़ी संख्या में महिलाएं पांच दिवसीय उपवास रखकर संयमपूर्वक व्रत का पालन कर रही हैं।
पूरे शहर में भक्ति और आध्यात्मिकता का अद्भुत संगम देखने को मिला, जहाँ दीपों की रोशनी और मंगल ध्वनियों से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
