लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल) जिले के ग्राम मीणो का खेड़ा, कोदूकोटा स्थित सरकारी विद्यालय में शीतलहर के बीच बच्चों के चेहरे खिल उठे, जब उन्हें सर्दी से बचाव के लिए स्वेटर वितरित किए गए। यह सराहनीय पहल भीलवाड़ा के तत्कालीन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गोपाल स्वरूप मेवाड़ा के मार्गदर्शन में लगातार आठ वर्षों से जारी है।
कोतवाली थाने में तैनात कांस्टेबल चंद्रभान छिलर ने बताया कि वर्ष 2018 में गोद लिए गए इस विद्यालय के 155 छात्र-छात्राओं को इस वर्ष 2025 में भी स्वेटर पहनाए गए। तब से लेकर आज तक वे बिना किसी प्रचार-प्रसार के लगातार जरूरतमंद बच्चों के लिए सहयोग जुटाते आ रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों से संवाद किया गया, उन्हें शिक्षा के महत्व के बारे में बताया गया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गई। बच्चों की खुशी देखते ही बनती थी; कई ने पहली बार नए और गर्म कपड़े पहनने का अनुभव साझा किया।
पिछले आठ वर्षों से इस पुनीत कार्य को निरंतर आगे बढ़ाने में कांस्टेबल छिलर की निष्ठा, सेवा-भाव और सामाजिक संवेदनशीलता काबिल-ए-तारीफ रही। ग्रामीणों और विद्यालय स्टाफ ने इस निरंतर सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया और कहा कि ऐसे कार्य न केवल जरूरतमंद बच्चों को राहत देते हैं, बल्कि पुलिस और समाज के बीच विश्वास को भी मजबूत करते हैं।
इस पहल के पीछे तत्कालीन एएसपी गोपाल स्वरूप मेवाड़ा की सोच और प्रेरणा अहम मानी जा रही है। उनके मार्गदर्शन में पुलिसकर्मियों को सामाजिक दायित्वों से जोड़ने का यह प्रयास आज एक मिसाल बन चुका है।
