लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
कांग्रेस का 45 दिन का अभियान ‘झूठ बोलो, भ्रम फैलाओ और राजनीति करो’ का अभियान: भाजपा
जयपुर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस पर ग्रामीण मजदूरों और किसानों को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि कांग्रेस का तथाकथित 45 दिन का अभियान वास्तव में “झूठ बोलो, भ्रम फैलाओ और राजनीति करो” की रणनीति पर आधारित है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित अन्य कांग्रेस नेता वीबी-जी राम जी योजना को लेकर जानबूझकर जनता के बीच भ्रम फैला रहे हैं, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।
मदन राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस यह प्रचार कर रही है कि वीबी-जी राम जी लागू होने से ग्रामीण रोजगार व्यवस्था समाप्त हो जाएगी, मजदूरी मिलने में परेशानी आएगी और गड़बड़ियां बढ़ेंगी, जबकि यह सभी आरोप पूरी तरह निराधार और भ्रामक हैं। कांग्रेस अपनी राजनीतिक जमीन बचाने के लिए जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है, लेकिन झूठ के सहारे लंबे समय तक राजनीति नहीं की जा सकती।
उन्होंने कहा कि वीबी-जी राम जी योजना के तहत मनरेगा को अधिक सशक्त, पारदर्शी और मजदूर-हितैषी बनाया गया है। कार्य दिवसों को 100 से बढ़ाकर 125 दिन किया गया है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़े हैं। किसानों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए 60 दिन का कृषि ब्रेक दिया गया है, ताकि खेती और मजदूरी के बीच संतुलन बना रहे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मजदूरों को समय पर मेहनताना मिले, इसके लिए हर सप्ताह भुगतान की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। इससे मजदूरों को साहूकारों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।
राठौड़ ने बताया कि योजना में बायोमेट्रिक हाजिरी और एआई आधारित निगरानी प्रणाली लागू की गई है, जिससे फर्जी हाजिरी, बिचौलियों और भ्रष्टाचार पर प्रभावी रोक लगेगी। उन्होंने कहा कि जो लोग वर्षों से मनरेगा में भ्रष्टाचार से लाभ उठाते रहे हैं, उन्हें यह पारदर्शी व्यवस्था रास नहीं आ रही, इसलिए वे इसका विरोध कर रहे हैं।
उन्होंने कांग्रेस से सवाल करते हुए कहा कि वह स्पष्ट करे कि वह मजदूरों और किसानों के साथ खड़ी है या उन ताकतों के साथ जो भ्रष्टाचार और अव्यवस्था से लाभ उठाती रही हैं। भाजपा गरीब, किसान और श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी मजबूती से खड़ी है और तथ्यों के साथ हर भ्रम का जवाब देती रहेगी।
मदन राठौड़ ने कहा कि प्रदेश की जनता अब सब समझ चुकी है। मजदूर और किसान सच्चाई जानते हैं और कांग्रेस की भ्रम फैलाने वाली राजनीति को स्वीकार नहीं करेंगे।








































