लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
जयपुर। रूपनारायण सांवरिया
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने नई दिल्ली प्रवास के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए कांग्रेस पार्टी पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब पूरी तरह हताश और निराश होकर ओछी राजनीति पर उतर आई है। राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस अपनी विफलताओं से बौखला गई है और जनाधार खोने के बाद अशोभनीय बयानबाजी और व्यक्तिगत हमलों का सहारा ले रही है।
राठौड़ ने कहा, “कभी ‘मोदी सरनेम’ को लेकर व्यक्तिगत आरोप लगाए जाते हैं, तो कभी प्रधानमंत्री पर गालियों का प्रयोग किया जाता है। कांग्रेस की राजनीति आज इसी स्तर तक गिर गई है। पूर्व में ऐसे बयान देने पर राहुल गांधी को माफी मांगनी पड़ी थी और उनके खिलाफ न्यायिक कार्रवाई भी हुई थी।”
उन्होंने कांग्रेस द्वारा बिहार में अपने स्टेट हैंडल पर ‘मां’ के नाम पर आपत्तिजनक वीडियो अपलोड करने को बेहद निंदनीय बताया। “यह राजनीति की गिरावट का प्रतीक है। जब कोई दल पूरी तरह निराश हो जाता है, तब वह इस प्रकार के हथकंडों का सहारा लेता है। भारतीय राजनीति में ऐसी गिरावट पहले कभी नहीं देखी गई,” उन्होंने कहा।
राठौड़ ने आगे कहा कि जनता सब देख रही है और समय आने पर कांग्रेस को इसका करारा जवाब देगी। “देश की जनता, विशेषकर बिहार की जनता, आगामी चुनावों में कांग्रेस को पूरी तरह नकारते हुए भाजपा को विजय दिलाएगी। समाज इस तरह की राजनीति को कभी स्वीकार नहीं करेगा,” उन्होंने स्पष्ट कहा।


















































