लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नागौर (प्रदीप कुमार डागा)। कांग्रेस जिलाध्यक्ष हनुमान राम बांगड़ा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अजमेर में आयोजित जनसभा को फ्लॉप करार दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि रैली में भीड़ जुटाने के लिए राज्य की भाजपा सरकार ने सरकारी तंत्र का सहारा लिया।
बांगड़ा ने कहा कि गांव-गांव से लोगों को लाने के लिए मनरेगा मेट, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा पंचायतीराज से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को पाबंद किया गया। इसके बावजूद सभा में अपेक्षित भीड़ नहीं जुट पाई, जो सरकार की कार्यशैली और कथित लोकप्रियता पर सवाल खड़े करती है।
उन्होंने कहा कि राजस्थान की जनता अब सरकार के वादों और दावों को समझ चुकी है तथा “झूठे वादों और बहकावे” में नहीं आने वाली। बांगड़ा ने दावा किया कि रैली में भीड़ “जोश से नहीं, बल्कि मजबूरी में” लाई गई।
हालांकि, भाजपा की ओर से इन आरोपों पर आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।


















































