लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
ग्राम पंचायत खारड़िया में कामकाज ठप! नाराज़ ग्रामीणों ने पंचायत भवन पर जड़ा ताला, अधिकारियों के खिलाफ जमकर फूटा गुस्सा
बैठक में कोई अधिकारी नहीं पहुँचा, विकास अधिकारी ने मौके पर जाकर खुलवाया ताला
रिपोर्टर – मनीष कुमार पारीक
नावां उपखंड की ग्राम पंचायत खारड़िया में गुरुवार को प्रशासनिक लापरवाही के खिलाफ ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। नियमित मासिक बैठक में पहुंचे ग्रामीण दोपहर 12 बजे तक इंतजार करते रहे, लेकिन सरपंच, ग्राम सेवक और वार्ड पंचों में से कोई भी नहीं पहुंचा। इससे नाराज़ ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से पंचायत भवन के मुख्य द्वार पर ताला जड़ दिया और अधिकारियों के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।
ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत का कामकाज महीनों से लगभग ठप पड़ा है।
-
मनरेगा कार्य बंद,
-
पट्टों के वितरण में लापरवाही,
-
सफाई व्यवस्था चरमराई,
-
मुख्य मार्गों पर बबूल व कंटीली झाड़ियों से आवागमन बाधित,
-
कई सरकारी योजनाओं का लाभ गांव तक नहीं पहुंच रहा।
इन समस्याओं को लेकर ग्रामीण लगातार नाराज़ हैं, पर समाधान नहीं हो रहा।
सूचना मिलते ही नावां विकास अधिकारी अजीत कुमार, ग्राम सेवक ललिता वर्मा और सरपंच प्रतिनिधि दयालराम कुमावत मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाइश देकर ताला खुलवाया और सभी समस्याओं के त्वरित समाधान का आश्वासन दिया।
ग्रामीण धर्म सिंह राठौड़ ने बताया कि उन्होंने घटना की जानकारी पूर्व विधायक मानसिंह किनसरिया को दी, जिन्होंने तुरंत विकास अधिकारी से बात कर मौके पर कार्रवाई सुनिश्चित करवाई। घटना के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और सभी ने पंचायत व्यवस्था सुधारने की मांग की।


















































