लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
अजमेर | (नितिन मेहरा वरिष्ठ संवाददाता)। शहर के प्रमुख चौराहों में शामिल सूचना केंद्र क्षेत्र में इन दिनों अतिक्रमण और अव्यवस्था ने आमजन की परेशानी बढ़ा दी है। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद यहां खुलेआम मटन-चिकन के ठेले सज रहे हैं, जिससे प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं।
आदेशों की अनदेखी, सड़कों पर अतिक्रमण
बताया जा रहा है कि सार्वजनिक स्थानों पर मांस की खुलेआम बिक्री और अतिक्रमण रोकने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन जमीनी हकीकत इससे उलट नजर आ रही है। शाम होते ही सूचना केंद्र चौराहा पर चिकन के ठेले लग जाते हैं और भारी भीड़ जुटने से पूरा क्षेत्र अव्यवस्थित हो जाता है।
जाम से जनता परेशान
चौराहे पर बढ़ती भीड़ और अवैध ठेलों के कारण सड़क संकरी हो गई है, जिससे रोजाना लंबा जाम लग रहा है। राहगीरों और वाहन चालकों को निकलने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पुलिस की भूमिका पर सवाल
हैरानी की बात यह है कि यह पूरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र में हो रहा है, लेकिन पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नजर नहीं आ रही। ऐसे में लोगों के बीच यह सवाल उठ रहा है कि क्या यह लापरवाही है या फिर मौन सहमति?
जनता में बढ़ता आक्रोश
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब उच्च स्तर के निर्देशों की भी पालना नहीं हो रही, तो आम नागरिकों की शिकायतों पर कार्रवाई की उम्मीद कैसे की जाए।
अब देखने वाली बात यह होगी कि प्रशासन इस मामले में कब तक सख्त कदम उठाता है और शहर को अतिक्रमण व जाम की समस्या से राहत दिला पाता है।