लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
चित्तौड़गढ़/बेगूं।
उपखंड बेगूं स्थित मेवाड़ के प्रमुख शक्तिपीठ जोगणिया माता मंदिर में शारदीय नवरात्र महोत्सव का शुभारंभ विधिवत पूजा-अर्चना, घट स्थापना, ध्वजारोहण और माता रानी की महाआरती के साथ हुआ।
संस्थान अध्यक्ष सत्यनारायण जोशी ने बताया कि नवरात्र के प्रथम दिन ही हजारों श्रद्धालुओं ने मां के दरबार में दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।
सुरक्षा और व्यवस्थाएं
नवरात्र महोत्सव को लेकर जोगणिया माता शक्तिपीठ प्रबंधन एवं विकास संस्थान द्वारा आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। वहीं, शांति एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बेगूं पुलिस प्रशासन ने पर्याप्त पुलिस जाप्ता तैनात किया है। इसके साथ ही संस्थान द्वारा निजी सुरक्षा एजेंसी भी लगाई गई है।
धार्मिक अनुष्ठान और कलश यात्रा
महोत्सव से पूर्व भव्य कलश यात्रा निकाली गई। दोपहर में श्रीमद् देवी भागवत कथा का शुभारंभ हुआ। इसके अलावा अखंड रामायण पाठ, गायत्री पुरुष चरण, वेद पाठ, योग प्रदर्शन और स्त्रोत पाठ का आयोजन भी किया गया।
गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति
शारदीय नवरात्र महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर मेंढकी महादेव के महंत नंदकिशोर दास, विधायक प्रतिनिधि शंभूलाल धाकड़, एडवोकेट कैलाश चंद्र मंत्री, नायब तहसीलदार विष्णुलाल यादव, जिला परिषद सदस्य प्रभुलाल धाकड़ सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।
श्रद्धालुओं की भीड़
इस धार्मिक आयोजन में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए और मां जोगणिया के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा।




















































