लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने वर्ष 2025 में जोधपुर में रिकॉर्ड 38 लाख से अधिक पर्यटकों के आगमन पर प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने इसे जोधपुर के वैश्विक स्तर पर एक “कम्प्लीट टूरिस्ट डेस्टिनेशन” के रूप में उभरने का सशक्त प्रमाण बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उपलब्धि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में डबल इंजन सरकार के “विकास भी, विरासत भी” के संकल्प का परिणाम है। केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से पर्यटन अवसंरचना के सुदृढ़ीकरण, ऐतिहासिक स्थलों के संरक्षण, बेहतर कनेक्टिविटी, स्वच्छता, सुरक्षा और पर्यटक सुविधाओं के विस्तार ने जोधपुर को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित किया है।
उन्होंने कहा कि जोधपुर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक धरोहरें, लोककला और पारंपरिक हस्तशिल्प देश-विदेश के पर्यटकों को लगातार आकर्षित कर रहे हैं, जिससे पर्यटन क्षेत्र में सतत वृद्धि दर्ज की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने यह भी उल्लेख किया कि उनकी पहल पर गत वर्ष स्वतंत्रता दिवस का राज्य स्तरीय समारोह जोधपुर में आयोजित किया गया, जिससे राष्ट्रीय स्तर पर शहर की पहचान और अधिक सुदृढ़ हुई और पर्यटन को नई गति मिली।
